वाह रे यू पी पुलिस: शिकायत करने गए भाजपा नेता के रिश्तेदार को ही डाल दिया जेल में

भाजपा नेता के रिश्तेदारों को थाने में बंद करने पर हंगामा, विधायक ने किया घेराव

बरेली 14 फरवरी 25.

जिले के रामगंगा कटरी क्षेत्र में रंगदारी मांगने और मारपीट के मामले में शिकायत करने गए भाजपा बूथ अध्यक्ष के भतीजे और उसके मामा को ही पुलिस ने हवालात में डाल दिया। इस कार्रवाई से नाराज भाजपा जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह और विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ थाने का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। हंगामे के बाद पुलिस ने दोनों को छोड़ा और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। भाजपा नेताओं ने आरोपी इंस्पेक्टर के निलंबन की मांग की है।

रंजिश में भाजपा नेता के भतीजे को उठाकर पीटा

रामगंगा कटरी के हुलासपुर मजरा गोविंदपुर निवासी सूरजपाल भाजपा के बूथ अध्यक्ष हैं। उन्होंने बताया कि दो महीने पहले गांव के अनिल नाम के युवक पर एक युवती से छेड़खानी का आरोप लगा था। गांववालों ने अनिल की बाइक तोड़ दी और युवती के परिवार ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। कुछ घंटे बाद पुलिस ने अनिल को छोड़ दिया, जिसके बाद से वह गांववालों से अपनी बाइक के बदले दो लाख रुपये रंगदारी मांगने लगा और धमकियां देने लगा।

बुधवार को सूरजपाल का भतीजा सोनू खेत पर जा रहा था, तभी अनिल अपने तीन साथियों के साथ हथियार लहराते हुए वहां पहुंचा और उसे जबरन उठा ले गया। आरोपियों ने सोनू को बेरहमी से पीटा। किसी तरह उनकी गिरफ्त से छूटकर सोनू ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी फरार हो गए।

थाने पहुंचे पीड़ित, पुलिस ने कर दिया हवालात में बंद

बृहस्पतिवार को सोनू अपने मामा दीनदयाल के साथ आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने थाने पहुंचा, लेकिन वहां इंस्पेक्टर हरेंद्र सिंह ने दोनों को ही हवालात में डाल दिया। जब परिवार के लोगों ने उन्हें छुड़ाने की गुहार लगाई, तो पुलिस ने उन्हें भगा दिया।

इस पर सूरजपाल ने भाजपा विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल और भाजपा आंवला जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह से संपर्क किया। जब दोनों नेताओं ने पुलिस से फरियादियों को छोड़ने की मांग की, तो इंस्पेक्टर ने इनकार कर दिया। इससे नाराज होकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव कर दिया और नारेबाजी शुरू कर दी।

विधायक के हस्तक्षेप के बाद छोड़ा गया, मुकदमा दर्ज

सूचना मिलते ही सीओ आशुतोष शिवम मौके पर पहुंचे और विधायक व जिलाध्यक्ष से बातचीत कर पीड़ितों को हवालात से छुड़वाया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी अनिल, अमरजीत और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट और रंगदारी मांगने का मुकदमा दर्ज किया।

कटरी क्षेत्र में बढ़ती हिंसा, पुलिस की लापरवाही जारी

फरीदपुर के गोविंदपुर क्षेत्र में कटरी की जमीन को लेकर पहले भी हिंसक घटनाएं हो चुकी हैं। कुछ दिनों पहले ही यहां जमीन विवाद में परमवीर और सुरेश प्रधान के बीच खूनी संघर्ष हुआ था, जिसमें तीन लोगों की हत्या हो गई थी। बावजूद इसके, पुलिस लापरवाही बरत रही है और अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *