30 दिन में 6 बार सांप ने डसा: परिवार दहशत में. वन विभाग गहरी नींद में.

📰 कौशांबी में चौंकाने वाला मामला: 30 दिन में 6 बार सांप ने डंसा 15 वर्षीय रिया को, परिवार दहशत में

कौशांबी, 31 अगस्त 2025

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से एक ऐसा हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे गांव को दहशत में डाल दिया है। सिराथू तहसील क्षेत्र के भैंसहापर गांव की रहने वाली 15 वर्षीय रिया मौर्य को एक ही महीने में छह बार सांप ने काट लिया। लगातार हो रही इस घटना से परिवार ही नहीं, पूरा गांव सहमा हुआ है।

रिया के पिता राजेंद्र मौर्य ने बताया कि पहली बार 22 जुलाई को खेत जाते समय बेटी को सांप ने डंसा था। इलाज के बाद वह ठीक हो गई थी, लेकिन 13 अगस्त को फिर सांप ने उसे काट लिया। हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने प्रयागराज रेफर किया, हालांकि परिजनों ने निजी अस्पताल में इलाज कराया।

चार दिन में चार बार सांप का डंसना
परिवार की मुश्किलें यहीं खत्म नहीं हुईं। 27 अगस्त से 30 अगस्त तक रिया को चार बार सांप ने काटा। कभी नहाते समय, तो कभी घरेलू काम करते वक्त। इलाज पर अब तक परिवार की पूरी जमा पूंजी खर्च हो चुकी है, जिसके बाद मजबूरी में वे झाड़-फूंक का सहारा ले रहे हैं।

पीड़िता रिया का कहना है कि सांप बहुत बड़ा है, गहरे काले रंग का है और उसके शरीर पर हरे रंग की धारियां हैं। सांप काटने के करीब एक घंटे बाद वह बेहोश हो जाती है और होश आने पर कभी अस्पताल के बिस्तर पर होती है तो कभी तांत्रिक के पास।

परिवार पलायन की तैयारी में
लगातार घटनाओं से घबराकर रिया के छोटे भाई-बहन ननिहाल चले गए हैं। गरीब परिवार झोपड़ीनुमा कच्चे घर में रहता है और अब पलायन करने का सोच रहा है।

अधिकारियों की बेरुखी, ग्रामीणों में रोष
सिराथू सीएचसी के मेडिकल ऑफिसर अखिलेश सिंह ने भी घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि रिया को तीन बार अस्पताल लाया गया, पैरों में स्नेक बाइट के निशान मिले और उसे एंटी वेनम दिया गया। दो बार जिला अस्पताल भी रेफर किया गया।

गांव वालों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद न तो वन विभाग ने सांप पकड़ने की कोशिश की और न ही प्रशासन ने पीड़ित परिवार की मदद की। इस वजह से गांव के लोग अब गहरी दहशत में हैं।

यह मामला अब पूरे जिले में चर्चा का विषय बन चुका है। बड़ा सवाल यह है कि आखिर प्रशासन और वन विभाग कब सक्रिय होगा और इस परिवार को डर और संकट से बाहर निकालेगा।

✍️ NGV PRAKASH NEWS


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *