महिला शिक्षक ने पीट दिया गुरु जी को.

बिहार: महिला प्रधानाचार्य और शिक्षक में तीखी बहस, जूते-चप्पल तक चले

कैमूर: बिहार के कैमूर जिले के दुर्गावती प्रखंड स्थित छांव पंचायत के सरकारी मधुरा विद्यालय में प्रार्थना सभा के दौरान प्रधानाचार्या और एक शिक्षक के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ने एक-दूसरे पर जूते-चप्पल तक तान दिए। इस अप्रत्याशित घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों के बीच अभद्र व्यवहार साफ देखा जा सकता है।

क्या है मामला?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रभावती देवी और शिक्षक जसरुद्दीन के बीच किसी मुद्दे पर बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते तीखी झड़प में बदल गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ने एक-दूसरे पर जूते-चप्पल तक उठा लिए। विद्यालय में मौजूद छात्र और अन्य शिक्षक यह सब देखकर हैरान रह गए।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों और शिक्षा विभाग ने लिया संज्ञान

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय मुखिया और अन्य जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और दोनों को समझाने का प्रयास किया। इस बीच, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी शिवानंद सिंह ने इसे गंभीर मामला बताते हुए कहा कि घटना की रिपोर्ट जिला अधिकारियों को भेजी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यालय परिसर में इस तरह का व्यवहार अस्वीकार्य है और दोनों पक्षों को चेतावनी दी गई है।

शिक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस घटना के बाद विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। छात्रों के सामने शिक्षकों का ऐसा व्यवहार शिक्षा प्रणाली पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है। अब देखना यह होगा कि शिक्षा विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *