
बांदा: शादीशुदा प्रेमिका की हत्या के बाद प्रेमी की पीट-पीटकर मौत, इलाके में सनसनी
बांदा, 17 फरवरी 2025 — यूपी के बांदा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आपसी विवाद के चलते एक सिरफिरे प्रेमी ने अपनी शादीशुदा प्रेमिका को चाकू से गोदकर मौत के घाट उतार दिया। घटना की जानकारी मिलते ही गुस्साए परिजनों ने आरोपी प्रेमी को पकड़कर इस कदर पीटा कि उसकी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
प्रेम प्रसंग बना खूनी खेल
घटना बांदा के पैलानी थाना क्षेत्र की है, जहां एक युवती और राहुल नाम के युवक के बीच पिछले दो वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। लेकिन बीते दिसंबर माह में युवती की शादी हो गई थी, जिससे नाराज प्रेमी राहुल बीती रात युवती से मिलने पहुंचा। मुलाकात के दौरान दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि राहुल ने चाकू से हमला कर अपनी प्रेमिका की जान ले ली।
गुस्साए परिजनों ने ली जान
वारदात के तुरंत बाद लड़की के परिजनों ने आरोपी राहुल को पकड़ लिया और उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल राहुल को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
हत्या के पीछे का कारण
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक युवक राहुल ने कुछ समय पहले अपना नाम बदलकर ‘मुर्शाद’ रख लिया था और मुस्लिम धर्म के रीति-रिवाज अपनाकर नमाज अदा करने लगा था। हालांकि, कागजी तौर पर वह अब भी हिंदू था और मुंबई में काम करता था।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही डीआईजी, एसपी अंकुर अग्रवाल सहित कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। एसपी अंकुर अग्रवाल ने बताया कि दोनों पक्षों से केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
इलाके में तनाव, पुलिस सतर्क
इस दर्दनाक घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस बल घटनास्थल पर तैनात है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
NGV PRAKASH NEWS

