
February 18, 2025
शूटआउट @ कंकड़बाग: कौन है वो ‘लेडी सिंघम’ जो बदमाशों के सामने चट्टान बनकर खड़ी हो गई?
पटना के कंकड़बाग में हुए सनसनीखेज शूटआउट ने पूरे बिहार को हिला कर रख दिया है। चार बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी और फिर एक घर में जाकर छिप गए। पुलिस जब उनका पीछा करते हुए वहां पहुंची, तो बदमाशों ने बिना देर किए फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पूरा इलाका मानो छावनी में तब्दील हो गया।
अंदर से ऑपरेशन को पटना के एसएसपी अवकाश कुमार लीड कर रहे थे, जो एनकाउंटर स्पेशलिस्ट माने जाते हैं। लेकिन इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाहर एक और चेहरा चर्चा में है—एक महिला अफसर, जो हाथ में पिस्तौल लिए न सिर्फ बदमाशों पर नजर रख रही थी, बल्कि भीड़ को वहां से हटाने की कोशिश भी कर रही थी।
‘लेडी सिंघम’ की दहाड़
इस बहादुर लेडी अफसर का नाम निशा है, जो कंकड़बाग थाने की सब-इंस्पेक्टर हैं। निशा की आंखों में न डर था, न झिझक। वो बार-बार लोगों को पीछे हटने के लिए कह रही थीं—”उधर मत जाइए, कभी भी फायरिंग हो सकती है!” लेकिन उनकी नजरें लगातार उस मकान पर टिकी थीं, जहां से कुछ देर पहले गोलियों की आवाज गूंज रही थी। भीड़ को संभालने के साथ-साथ बाहर की सुरक्षा की पूरी कमान उन्हीं के हाथ में थी।
अब इस लेडी अफसर के वीडियोज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिसमें उनका जज्बा और हौसला साफ नजर आता है। लोग उन्हें बिहार की ‘लेडी सिंघम’ कहकर सलाम कर रहे हैं।
चार थानों की पुलिस और एसटीएफ मैदान में
बदमाशों की घेराबंदी के लिए चार थानों की पुलिस के साथ-साथ एसटीएफ और उनकी स्पेशल स्वाट टीम को तैनात किया गया। पूरे इलाके को पुलिस ने चारों ओर से घेर लिया, मार्केट बंद करा दिया गया, और एक-एक घर की तलाशी ली जा रही है। बदमाशों ने जिस घर में शरण ली थी, उसे घेरकर उन्हें सरेंडर करने के लिए कहा गया, लेकिन जवाब में फिर गोलियां चलीं।
IPS की लीडरशिप में एक्शन जारी
पटना के एसएसपी अवकाश कुमार खुद सड़क पर पिस्तौल लिए इस पूरे ऑपरेशन को लीड कर रहे हैं। उनकी अगुवाई में कमांडो टीम ने जबरदस्त जवाबी कार्रवाई की और दो बदमाशों को दबोच लिया। हालांकि, ऑपरेशन अभी जारी है और पुलिस को पूरा यकीन है कि जल्द ही बाकी बदमाश भी गिरफ्त में होंगे।
कंकड़बाग का यह शूटआउट सिर्फ एक पुलिस ऑपरेशन नहीं, बल्कि हौसले और जज्बे की मिसाल बन गया है। और इस कहानी की नायिका बनी हैं सब-इंस्पेक्टर निशा, जिनकी बहादुरी पटना की सड़कों पर गूंज रही है।
NGV PRAKASH NEWS

