
दिल्ली एयरपोर्ट पर बैग से निकले 22 सांप और 23 छिपकलियां, मचा हड़कंप
दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कस्टम अधिकारियों ने एक बैग की तलाशी ली और उसमें से 22 खतरनाक सांप और 23 दुर्लभ प्रजातियों की छिपकलियां बरामद हुईं। इनमें कई जहरीले सांप और विशाल अजगर भी शामिल थे।
कैसे पकड़ी गई तस्करी?
यह मामला टर्मिनल-3 का है, जहां कस्टम एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ यात्री अपने बैग में प्रतिबंधित वन्य जीवों की तस्करी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर तीन संदिग्ध यात्रियों को ग्रीन चैनल पर रोका गया। जब उनके बैग की जांच की गई, तो अंदर का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। बैग के भीतर नागराज कुंडली मारे बैठे थे, साथ ही कई अन्य दुर्लभ सांप और छिपकलियां भी थीं।
क्या-क्या मिला बैग से?
तलाशी में बैग से 5 कॉर्न स्नेक, 8 मिल्क स्नेक और 9 बॉल पायथन (अजगर) बरामद हुए। इसके अलावा 4 बियर्ड ड्रैगन, 7 क्रेस्टेड गेको, 11 कैमरून ड्वार्फ गेको और एक गेको छिपकली भी मिलीं। यही नहीं, बैग से 14 मिलीपेड और एक विशाल मकड़ी भी बरामद हुई।
तीन भारतीय यात्री गिरफ्तार
कस्टम अधिकारियों के मुताबिक, इस मामले में तीनों आरोपी भारतीय मूल के हैं और वे एयर इंडिया की फ्लाइट AI 303 से 23 फरवरी को तड़के 1:35 बजे बैंकॉक से दिल्ली पहुंचे थे। फिलहाल तीनों से पूछताछ जारी है कि वे इन खतरनाक वन्य जीवों को भारत क्यों ला रहे थे और इसके पीछे कौन-सा रैकेट सक्रिय है।
यह घटना वन्यजीव तस्करी के बढ़ते खतरे को उजागर करती है। प्रशासन अब यह जांच कर रहा है कि इन जीवों को कहां और किस मकसद से लाया जा रहा था।
NGV PRAKASH NEWS

