
मुंबई: भिवंडी में युवती के अपहरण और गैंगरेप का मामला, छह आरोपी फरार
मुंबई। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी शहर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक 22 वर्षीय युवती का उसके पूर्व प्रेमी ने अपने पांच दोस्तों की मदद से पहले अपहरण किया और फिर उनमें से चार लोगों ने उसके साथ बारी-बारी से बलात्कार किया। यह घटना भिवंडी के शांतिनगर इलाके के फातिमा नगर में गुरुवार को हुई।
पुराने प्रेम संबंध से उपजा अपराध
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता और मुख्य आरोपी एक ही गांव के रहने वाले हैं और पिछले कुछ वर्षों से दोनों के बीच प्रेम संबंध था। लेकिन चार महीने पहले युवती ने रिश्ता तोड़ दिया था और वह किसी और के साथ रिलेशनशिप में थी। इससे गुस्साए पूर्व प्रेमी ने उसे सबक सिखाने की साजिश रची।
युवती के भाई को बंधक बनाकर बुलाया, फिर किया अपहरण
गुरुवार रात मुख्य आरोपी मोहम्मद आलम ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवती के 19 वर्षीय भाई को बंधक बना लिया और उसे मजबूर किया कि वह अपनी बहन को फोन कर उनके बताए जगह पर बुलाए। शुक्रवार आधी रात के बाद जब युवती ने अपना फोन देखा तो उसे भाई की 15 मिस्ड कॉल्स दिखाई दीं। जब उसने वापस कॉल किया तो भाई ने बुखार होने की बात कहकर उसे मिलने के लिए बुलाया। इसके बाद पीड़िता ने अपने पहचान के शख्स को ऑटो-रिक्शा के साथ बुलाया और भाई के बताए गए जगह पर पहुंची, लेकिन वहां पहुंचते ही उसके होश उड़ गए।
स्कूल के पीछे और पिकअप वैन में दो बार गैंगरेप
जैसे ही युवती वहां पहुंची, उसने देखा कि उसके भाई के साथ पहले से पूर्व प्रेमी व पांच अन्य आरोपी मौजूद थे। आरोपियों ने पहले युवती के भाई और रिक्शा चालक की पिटाई की और फिर उसे जबरन एक सुनसान जगह पर ले गए। जहां स्कूल के पीछे झाड़ियों में ले जाकर युवती के साथ चार आरोपियों ने बारी-बारी से दरिंदगी की।
इसके बाद भी उनकी हैवानियत खत्म नहीं हुई। वे पीड़िता को फिर फातिमा नगर ले गए और उसके साथ पिकअप वैन में दोबारा गैंगरेप किया। इसके बाद आरोपियों ने युवती, उसके भाई और रिक्शा चालक को छोड़ दिया। घर पहुंचने के बाद युवती ने अपने परिवार को इस घटना के बारे में बताया, जिसके बाद शांतिनगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस की कार्रवाई, चार आरोपी अभी भी फरार
पुलिस ने छह आरोपियों पर अपहरण और गैंगरेप का मामला दर्ज किया है। अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि चार अन्य अभी भी फरार हैं।
पुलिस का कहना है कि सभी आरोपी 20 से 25 साल की उम्र के हैं। फरार आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है।
NGV PRAKASH NEWS


