
बस्ती: मामूली विवाद के बाद घर पर देसी बम से हमला, पुलिस ने दबाव में दर्ज किया केस
बस्ती, 25 फरवरी 2025 –
प्राप्त जानकारी के अनुसार.. हर्रैया कस्बे के मछली मंडी में तीन दिन पहले हुए मामूली विवाद ने शनिवार रात खौफनाक रूप ले लिया। विवाद से नाराज एक पक्ष के दबंगों ने दूसरे पक्ष के घर पर देसी बम से हमला कर दिया। पहले तो पुलिस ने घटना को झूठा बताकर टालने की कोशिश की, मगर मामला तूल पकड़ने और सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रविवार देर रात एक नामजद व तीन अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कर लिया गया।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
नरसिंहपुर गांव निवासी आदित्य सिंह शुक्रवार शाम अपने दोस्तों के साथ हनुमानगढ़ी नगर वार्ड की मछली मंडी पहुंचा था। वहां उसकी किसी बात को लेकर माता प्रसाद सोनकर से बहस हो गई। मामला बढ़ने पर माता प्रसाद के बेटे और अन्य परिजनों ने आदित्य और उसके दोस्तों की पिटाई कर दी। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद आदित्य अपने साथियों के साथ लौट गया, लेकिन वह इस अपमान को भूल नहीं पाया।
रात में किया देसी बम से हमला
मारपीट से गुस्साए आदित्य ने साथियों के साथ बदला लेने की योजना बना ली। शनिवार रात करीब दो बजे वह दो बाइक पर चार लोगों के साथ माता प्रसाद के घर पहुंचा। आरोप है कि उसने गालियां देते हुए देसी बम फेंक दिया, जिससे धमाका हुआ और छर्रे लगने से माता प्रसाद घायल हो गए। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग जाग गए, लेकिन पहले तो उन्होंने इसे पटाखे की आवाज समझकर अनदेखा कर दिया। बाद में जब माता प्रसाद ने पुलिस को सूचना दी, तब जाकर मामला खुला।
पुलिस पर लापरवाही का आरोप
पीड़ित परिवार का आरोप है कि सूचना देने के आधे घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उन्होंने माता प्रसाद को मुरादीपुर चौराहे पर तैनात पिकेट ड्यूटी सिपाहियों के पास जाने को कहा। वहां मौजूद सिपाहियों ने उन्हें सुबह थाने आने की सलाह देकर टाल दिया। जब माता प्रसाद शनिवार को थाने पहुंचे, तो वहां मौजूद उप निरीक्षक ने जांच का हवाला देकर वापस भेज दिया।
सोशल मीडिया पर मामला वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई
रविवार को जब घटना का वीडियो और जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल हुई, तो पुलिस की किरकिरी होने लगी। इसके बाद देर रात पुलिस ने आदित्य और उसके तीन अज्ञात साथियों पर केस दर्ज कर लिया।
प्रभारी निरीक्षक तहसीलदार सिंह ने बताया कि जांच में मिले तथ्यों के आधार पर मामला दर्ज किया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
NGV PRAKASH NEWS


