
बेटे को परीक्षा दिलाने आई महिला और प्रेमी को पति ने मारी गोली, महिला की मौत
बुलंदशहर, 25 फरवरी 2025 – यूपी के बुलंदशहर जिले में हाई स्कूल परीक्षा के दौरान सनसनीखेज वारदात सामने आई। बेटे को परीक्षा दिलाने आई महिला और उसके प्रेमी को पति ने गोली मार दी। घटना के बाद महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रेमी को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है। वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
खानपुर थाना क्षेत्र के खिदरपुर गांव स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज में सोमवार को हाई स्कूल की परीक्षा हो रही थी। परीक्षा देने पहुंचे छात्र आकांशु की मां सावित्री (36) और उसका प्रेमी सरजीत (37) स्कूल के बाहर खड़े होकर इंतजार कर रहे थे। तभी महिला का पति नरेश वहां पहुंचा और अचानक दोनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
गोली लगने से सावित्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सरजीत गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि एक गोली सावित्री के सिर में लगी, जबकि दूसरी गोली सरजीत के बगल में लगी।
पति से अलग रह रही थी महिला
पुलिस के अनुसार, मृतक सावित्री मूल रूप से औरंगाबाद थाना क्षेत्र के गांव गंगाहरी की रहने वाली थी। वह करीब एक साल पहले अपने प्रेमी सरजीत के साथ घर छोड़कर चली गई थी और अपने दोनों बच्चों को भी अपने साथ ले गई थी।
पुलिस कर रही आरोपी की तलाश
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने सावित्री को मृत घोषित कर दिया, जबकि सरजीत को मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
एसपी सिटी शंकर प्रसाद और स्याना सीओ दिलीप सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी पति नरेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है।
NGV PRAKASH NEWS

