
मेरठ 28 फरवरी 25
मेरठ में एक परिवार की खुशियां चंद दिनों में ही मातम में बदल गईं। 10 दिन पहले धूमधाम से हुई शादी के बाद परिवार ने नई बहू लक्ष्मी का स्वागत किया। लेकिन शादी के कुछ ही दिनों बाद पूरा परिवार एक बड़े धोखे का शिकार हो गया।
दरअसल, जिसे बहू बनाकर घर लाया गया था, वह लुटेरी दुल्हन निकली। शादी के 10 दिन बाद ही वह ससुराल से लाखों की ज्वेलरी और नकदी लेकर फरार हो गई। इस घटना ने पूरे परिवार को हिला कर रख दिया है।
शादी के नाम पर ठगी, 8 लाख रुपये भी लिए
यह मामला मेरठ के भावनपुर थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव का है। पीड़ित योगेंद्र ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के मुताबिक, 26 जनवरी को दौराला थाना क्षेत्र का रहने वाला मदनपाल उसके घर आया था। वह शादी करवाने का काम करता है और अपने साथ सुनील और शिवम को लेकर आया था।
सुनील ने बताया कि उसके भाई की एक लड़की लक्ष्मी है, जिसकी शादी योगेंद्र से करवाई जा सकती है। उसने यह भी कहा कि लड़की की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है और अगर योगेंद्र शादी का खर्चा यानी 8 लाख रुपये देगा तो शादी हो जाएगी।
योगेंद्र ने शादी के लिए 8 लाख रुपये दे दिए और 8 फरवरी को हिंदू रीति-रिवाज से लक्ष्मी के साथ शादी हो गई।
दुल्हन ने पूरे परिवार को बेहोश कर लूटा
शादी के 10 दिन बाद 18 फरवरी को मदनपाल, सुनील और शिवम फिर से लक्ष्मी से मिलने आए। इस बार उन्होंने दूध में नींद की गोलियां मिला दीं और पूरा परिवार गहरी नींद में सो गया।
जब सुबह 8 बजे परिवार की नींद खुली तो देखा कि लक्ष्मी, मदनपाल, सुनील और शिवम सभी गायब थे। घर में रखा सारा सोना-चांदी और नकदी भी गायब थी।
ससुराल वालों ने भी ठुकराया
योगेंद्र जब लक्ष्मी के घर गया तो वहां ससुराल वालों ने उसके साथ बदतमीजी की और जान से मारने की धमकी दे दी। लक्ष्मी ने भी उसके साथ जाने से इनकार कर दिया और घर से भगा दिया।
गांव वालों से पता चला कि लक्ष्मी पहले भी इसी तरह कई लोगों को ठग चुकी है। अब योगेंद्र ने पुलिस से इंसाफ की गुहार लगाई है।
पुलिस की कार्रवाई
मेरठ के एसपी देहात राकेश कुमार ने बताया कि दुल्हन घर से कीमती सामान लेकर फरार हो गई है। मामला संज्ञान में लिया गया है और जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
👉 NGV PRAKASH NEWS

