लापता दरोगा अजय गौड़ की अयोध्या में मिली लाश: मौत की गुत्थी सुलझाना नवागत पुलिस अधीक्षक के लिए चुनौती…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

बस्ती में तैनात दरोगा अजय गौड़ की अयोध्या में मिली लाश से हड़कंप

👉 नवागत पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह के सामने अपने ही विभाग के मृतक उप निरीक्षक अजय गौड़ की मौत की गुत्थी और बस्ती से कैसे पहुँचे को सुलझाना बनी पहली चुनौती…….

अयोध्या, 08 फरवरी 2026
बस्ती जिले के थाना परशुरामपुर में तैनात सब इंस्पेक्टर अजय गौड़ की लाश अयोध्या में सरयू नदी से मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। अजय गौड़ 5 फरवरी 2026 को रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए थे, जिसके बाद से उनकी तलाश में पूरा महकमा परेशान था।

जानकारी के अनुसार उस समय थाना परशुरामपुर के थानाध्यक्ष विश्व मोहन राय छुट्टी पर थे और सब इंस्पेक्टर अजय गौड़ को प्रभारी थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गए। उनके गायब होने की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष ने अपनी छुट्टी कैंसिल कर तत्काल थाने पहुंचकर खोजबीन शुरू कराई।

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में अजय गौड़ को बस्ती मुख्यालय तक आते हुए देखा गया, लेकिन इसके बाद उनका कोई सुराग नहीं मिला। खोज के दौरान उनकी बाइक कुआनों नदी के अमहट घाट के पास बरामद हुई, जिससे किसी अनहोनी की आशंका और गहरा गई थी। पुलिस, एसओजी और स्वाट टीमों को भी तलाश में लगाया गया, लेकिन तीन दिनों तक कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आ सकी।

तीसरे दिन रविवार को अयोध्या कोतवाली क्षेत्र के तिहुरा माझा इलाके में सरयू नदी के किनारे एक शव मिलने की सूचना मिली। अयोध्या कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया, जिसकी पहचान सब इंस्पेक्टर अजय गौड़ के रूप में हुई। वह मूल रूप से देवरिया जिले के रहने वाले थे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मौत के कारणों की जांच की जा रही है।

इस पूरे मामले में कई सवाल अब भी अनुत्तरित हैं। जब उनकी बाइक बस्ती के अमहट घाट पर मिली थी, तो वह अयोध्या कैसे पहुंचे, यह अब भी रहस्य बना हुआ है। साथ ही यह भी जांच का विषय है कि खोज अभियान में कहीं लापरवाही तो नहीं हुई। पुलिस की एसओजी और स्वाट टीमों की भूमिका, सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता और अमहट घाट पर पुलिस मौजूद होने के बावजूद घटनाक्रम सामने न आ पाना कई सवाल खड़े कर रहा है।

उधर, सब इंस्पेक्टर अजय गौड़ की मौत की खबर मिलते ही थाना परशुरामपुर में मातम छा गया। सहकर्मियों की आंखें नम हैं और पूरे थाने का माहौल गमगीन बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *