
📰 लखनऊ: डेंटल क्लीनिक में तीन मासूमों को बनाया बंधक और उसके बाद
लखनऊ, 31अगस्त 2025
राजधानी लखनऊ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। गोमतीनगर थाना क्षेत्र के ग्वारी इलाके में डॉ. प्रज्ञा यादव के डेंटल क्लीनिक में काम करने वाले कर्मचारियों ने तीन मासूम बच्चों को पतंग देने का झांसा देकर क्लीनिक में बुलाया और उन्हें बंधक बना लिया। आरोप है कि बच्चों को धमकाकर क्लीनिक की छत पर बनी पानी की टंकी साफ करवाई गई।
पीड़ित परिजनों के अनुसार, 22 अगस्त की दोपहर विकास खंड-5 ग्वारी निवासी सतीश कुमार गौतम का भतीजा प्रिंस (8), आदित्य (10) और दिव्यांश उर्फ भोला घर के बाहर खेल रहे थे। इसी दौरान क्लीनिक के कर्मचारियों ने उन्हें पतंग देने का लालच दिया और अंदर बुला लिया।
सतीश ने बताया कि कर्मचारियों ने तीनों बच्चों से जबरन पानी की टंकी साफ करवाई और विरोध करने पर धमकी दी कि छत से नीचे फेंक देंगे। डर के कारण मासूमों ने करीब तीन घंटे तक टंकी की सफाई की।
शाम तक बच्चे घर नहीं लौटे तो परिवार ने खोजबीन शुरू की। कुछ देर बाद जब बच्चे क्लीनिक से बाहर निकले तो वे रोते हुए परिजनों के पास पहुंचे और पूरी घटना बताई।
इंस्पेक्टर गोमतीनगर ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर क्लीनिक की दो महिला और एक पुरुष कर्मचारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
✍️ NGV PRAKASH NEWS




