चार बच्चों की हत्या के बाद खुद कर ली खुदकुशी

शाहजहांपुर: चार बच्चों की हत्या कर युवक ने की आत्महत्या, गांव में सनसनी

शाहजहांपुर, 27 मार्च 2025। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक व्यक्ति ने अपने चार बच्चों की गला रेतकर हत्या कर दी और फिर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस अधीक्षक (एसपी) समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई है।

क्या है पूरा मामला?

यह दर्दनाक घटना रोजा थाना क्षेत्र के मानपुर गांव की है। मृतक की पहचान राजीव कुमार के रूप में हुई है। उन्होंने अपनी 12 वर्षीय बेटी कृति, 9 साल की सृष्टि, 7 वर्षीय प्रगति और 5 साल के ऋषभ की धारदार हथियार (बांका) से गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद को फांसी लगा ली।

सुबह खेत से लौटे पिता ने देखा खौफनाक मंजर

राजीव के पिता पृथ्वीराज ने बताया कि उनकी बहू क्रांति घटना से एक दिन पहले ही मायके बरेली के फतेहगंज पूर्वी के करौली गांव गई थी। दोपहर बाद वह खुद भी खेत में गन्ने की बुवाई कराने चले गए थे। गुरुवार सुबह करीब 8 बजे जब वे घर लौटे तो मेन गेट अंदर से बंद मिला।

काफी देर आवाज लगाने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला तो वह दीवार फांदकर अंदर पहुंचे। जैसे ही उन्होंने कमरे का दरवाजा खोला, वहां का दृश्य देख दंग रह गए। चारपाई पर चारों बच्चों के गले कटे शव पड़े थे और पास में ही खून से सना बांका रखा था। वहीं, कमरे में पंखे के कुंडे से साड़ी के सहारे राजीव का शव लटका हुआ था।

राजीव मानसिक तनाव में था

पिता पृथ्वीराज ने बताया कि दो साल पहले राजीव के सिर में चोट लगी थी, जिसके बाद से वह अक्सर मानसिक तनाव में रहता था। आशंका जताई जा रही है कि तनाव और किसी पारिवारिक विवाद के कारण ही उसने यह खौफनाक कदम उठाया।

पुलिस कर रही जांच, पत्नी के आने का इंतजार

एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि घर का दरवाजा अंदर से बंद था, जिससे यह स्पष्ट है कि राजीव ने ही पहले बच्चों की हत्या की और फिर आत्महत्या कर ली। हालांकि, पुलिस मृतक की पत्नी के आने का इंतजार कर रही है, ताकि घटना के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आ सके।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *