एक छोटी सी जिद पर मां ने ले ली मासूम की जान


गाजियाबाद में दिल दहला देने वाली घटना: मां ने 12 साल की बेटी की गला दबाकर की हत्या, मानसिक अस्वस्थता की आशंका

गाजियाबाद, 10 अप्रैल 2025।
गाजियाबाद के लोनी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बाग राणप गांव से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहां 12 वर्षीय बालिका की हत्या का आरोप उसकी मां पर लगा है। बुधवार सुबह बच्ची का शव घर के आंगन में संदिग्ध अवस्था में पाया गया। शुरुआती जांच के अनुसार, बच्ची की गला दबाकर हत्या की गई, जिसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी हो चुकी है।

पुलिस ने बच्ची के दादा सईद अहमद की शिकायत पर उसकी मां उजमा के खिलाफ हत्या की धारा में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसका इलाज आगरा में चल रहा था।

घटना का क्रम
जानकारी के मुताबिक, मृतक बालिका आलिया छठी कक्षा की छात्रा थी। मंगलवार रात को उसका छोटा भाई अब्दुल रहमान मौसी के घर पर था, जबकि आलिया और उसकी मां उजमा घर में अकेले थीं। बुधवार सुबह उजमा ने परिजनों को फोन कर बताया कि आलिया की मौत हो गई है। जब दादा सईद अहमद मौके पर पहुंचे, तो आलिया का शव आंगन में पड़ा था। उसके शरीर पर चोट के निशान थे और नाक से झाग निकल रहा था।

परिवार के अनुसार, आलिया मौसी के घर जाने की जिद कर रही थी। इसी बात को लेकर मां-बेटी के बीच विवाद हुआ और गुस्से में आकर उजमा ने बेटी को पटक-पटक कर पीटा और गला दबाकर हत्या कर दी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि
लोनी के सहायक पुलिस आयुक्त सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है। पीठ पर चोट का एक निशान भी मिला है। आसपास के लोगों के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 9 बजे तक आलिया गली में अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी।

फोरेंसिक टीम को भी साक्ष्य एकत्र करने के लिए मौके पर बुलाया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। जहां एक ओर मासूम की मौत ने सभी को भावुक कर दिया, वहीं मां की मानसिक स्थिति को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

NGV PRAKASH NEWS


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *