
सास को लेकर भागा युवक राहुल नौ दिन बाद लौटा, पुलिस ने की पूछताछ
अलीगढ़, 16 अप्रैल 2025।
अपनी होने वाली सास के साथ फरार हुआ युवक राहुल बुधवार को नौ दिन बाद लौट आया। बुधवार दोपहर अचानक राहुल और सपना थाने पहुँच गए, जहाँ पुलिस ने दोनों को अलग-अलग बैठाकर पूछताछ शुरू कर दी है। राहुल की गुमशुदगी की रिपोर्ट इसी थाने में दर्ज थी।
जानकारी के अनुसार, राहुल और सपना 6 अप्रैल को घर से भागे थे और बिहार चले गए थे। बताया जा रहा है कि मंगलवार को राहुल की किसी रिश्तेदार से फोन पर बातचीत हुई, जिसके बाद उन्होंने दोनों को लौटने की सलाह दी। विशेष बात यह है कि सपना की बेटी की शादी आज, 16 अप्रैल को राहुल से ही होनी थी। फिलहाल पुलिस ने दोनों को थाने में ही रखा है और किसी को उनसे मिलने नहीं दिया जा रहा।
पहले भी महिला को भगाने का इतिहास
चौंकाने वाली बात यह है कि राहुल इससे पहले भी एक महिला को भगाकर ले जा चुका है। यह घटना लगभग एक वर्ष पहले की है, जब वह पड़ोस के गांव की एक महिला को लेकर फरार हो गया था। उस मामले में दोनों करीब दो महीने बाद वापस लौटे थे। तब महिला के स्वजन ने पुलिस में कोई शिकायत नहीं की थी, जिसके चलते कोई कार्रवाई नहीं हो सकी थी।
मददगार दोस्त और जीजा से हुई पूछताछ
इस बार राहुल को अपनी होने वाली सास के साथ फरार होने में अपने दोस्तों का साथ मिला। पुलिस जांच में सामने आया है कि उसके दोस्त बाइक से दोनों को कासगंज रेलवे स्टेशन तक छोड़ने गए थे। पुलिस ने कुछ दिनों पहले इन दोस्तों के साथ-साथ राहुल के जीजा को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की थी।
इस पूरे मामले को लेकर स्थानीय लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है, जबकि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
NGV PRAKASH NEWS

