
भाभी और देवर का प्रेम: तीन बच्चों को छोड़कर हुई फरार, पुलिस ने दर्ज की गुमशुदगी
हापुड़, 21 अप्रैल 2025 | यूपी
हापुड़ जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला अपने तीन मासूम बच्चों को छोड़कर देवर के साथ फरार हो गई। महिला घर से जाते वक्त नगदी और आभूषण भी साथ ले गई। पीड़ित पति ने थक-हारकर कोतवाली पहुंचकर पत्नी की तलाश के लिए पुलिस से मदद की गुहार लगाई है।
घटना हापुड़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रामगढ़ी की है, जहां अर्जुन नामक व्यक्ति अपनी पत्नी लक्ष्मी और तीन बच्चों के साथ रहता था। वर्ष 2017 में ग्रेटर नोएडा के जारचा गांव निवासी लक्ष्मी से अर्जुन की शादी हुई थी। दोनों को दो बेटियां और एक बेटा है। अर्जुन पेंटिंग का कार्य कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है।
पीड़ित अर्जुन ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी बिना कुछ बताए पड़ोस में रहने वाले देवर के साथ चली गई है। उसके साथ लगभग 15 हजार रुपये की नकदी और कुछ कीमती जेवरात भी हैं। महिला से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उसका कोई अता-पता नहीं चल सका है।
पुलिस ने अर्जुन की शिकायत पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी मुनीष प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें बरामद कर लिया जाएगा। इधर तीन मासूम बच्चे अपनी मां के लौटने की आस में टकटकी लगाए बैठे हैं।
NGV PRAKASH NEWS

