इन राज्य में लौटेगी हीट वेव, इन राज्यों में होगी बारिश…


उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में फिर लौटेगी लू, दिल्ली में पहली बार लॉन्च होगा हीट एक्शन प्लान

नई दिल्ली, 20 अप्रैल 2025।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार को चेतावनी दी है कि उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में आने वाले दिनों में लू के हालात फिर से लौट सकते हैं। वहीं पूर्वोत्तर भारत में अगले पांच दिनों तक गरज, बिजली और हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना जताई गई है।

IMD के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। हालांकि, मध्य भारत और गुजरात में अगले 24 घंटों के दौरान तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद वहाँ भी तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।

दिल्ली में पहली बार हीट एक्शन प्लान
दिल्ली सचिवालय में सोमवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता राजधानी का पहला हीट एक्शन प्लान लॉन्च करेंगी। यह कदम राजधानी में बढ़ती गर्मी और स्वास्थ्य पर उसके प्रभावों को देखते हुए बेहद अहम माना जा रहा है।

पूरे भारत में बदलेगा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के महानिदेशक एम. महापात्रा के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ (WD) के दूर जाने के बाद उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में गर्मी फिर से तेज़ हो गई है। उन्होंने बताया कि यह पश्चिमी विक्षोभ तेज़ था और इसके कारण पहाड़ों पर व्यापक गरज और बारिश हुई, लेकिन अब ऐसे किसी और सिस्टम की फिलहाल उम्मीद नहीं है।

पूर्वी भारत में भी गरज के साथ हुई बारिश थम चुकी है, जिससे तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में शनिवार को मध्यम से भारी बर्फबारी दर्ज की गई, लेकिन 21 अप्रैल से इन क्षेत्रों में वर्षा गतिविधियों में कमी आने की संभावना है।

तेज हवाओं और ओलों की मार
देश के कई हिस्सों—जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, ओडिशा, तमिलनाडु समेत कई राज्यों—में तेज हवाओं के साथ बारिश और कहीं-कहीं ओले भी गिरे हैं। पूर्वी राजस्थान में लू की स्थिति बनी रही, जबकि कई स्थानों पर रात में असहनीय गर्मी दर्ज की गई।

22 अप्रैल से फिर बरसेंगे बादल
IMD ने बताया है कि 22 अप्रैल से पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का एक नया दौर शुरू हो सकता है। इससे असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और नगालैंड जैसे राज्यों में जलभराव और भूस्खलन जैसी स्थिति बनने की भी आशंका है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *