पहलगाम हमले से पहले संदिग्ध से हुई थी मुलाकात: जौनपुर की महिला पर्यटक का सनसनीखेज दावा


पहलगाम हमले से पहले संदिग्ध से हुई थी मुलाकात: जौनपुर की महिला पर्यटक का सनसनीखेज दावा

श्रीनगर/जौनपुर: पहलगाम में हुए आतंकी हमले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नए खुलासे हो रहे हैं। उत्तर प्रदेश के जौनपुर की रहने वाली एक महिला पर्यटक ने एक चौंकाने वाला दावा किया है। महिला का कहना है कि 20 अप्रैल को वह बैसरन वैली घूमने गई थीं, जहां उनकी मुलाकात उस संदिग्ध व्यक्ति से हुई थी, जो अब हमले में शामिल बताया जा रहा है।

महिला ने बताया कि संदिग्ध व्यक्ति ने उन्हें खच्चर की सवारी कराई थी। उस दौरान उसने कई अजीब सवाल पूछे, जैसे – क्या वह अजमेर दरगाह या अमरनाथ यात्रा पर गई हैं, उनके कितने हिंदू और मुस्लिम दोस्त हैं, और क्या उन्होंने कभी कुरान पढ़ी है। महिला ने बताया कि जब उसने कहा कि वह अमरनाथ यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन करा चुकी हैं, तो संदिग्ध ने कहा – “रजिस्ट्रेशन मत कीजिए, तारीख बताइए, हमारा आदमी आपको लेने आ जाएगा।”

महिला के मुताबिक, उस व्यक्ति के फोन पर एक कॉल आई, जिसमें ‘प्लान A ब्रेक फेल’, ‘प्लान B – 35 बंदूकें मैं भेजा हूं, घास में छुपी हैं’ जैसी बातें सुनी गईं। जब उसे लगा कि महिला उसकी बातों पर ध्यान दे रही हैं, तो उसने अपनी स्थानीय भाषा में बोलना शुरू कर दिया।

महिला पर्यटक ने अपने फोन में उस संदिग्ध की फोटो और व्हाट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट भी दिखाए हैं। फोटो में मेरून जैकेट और पजामा पहने एक व्यक्ति नजर आ रहा है। महिला के दोस्तों ने भी उन संदिग्धों को पहचानने का दावा किया है, हालांकि वे डर के कारण खुलकर सामने नहीं आ रहे हैं।

महिला का दावा है कि 20 अप्रैल को ही हमला हो सकता था, लेकिन किसी कारणवश वह टल गया। उन्होंने यह भी कहा कि उस दिन घटनास्थल पर कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी, जिससे उन्हें और उनके साथियों को डर लगने लगा था।

इस पूरे मामले की जांच सुरक्षा एजेंसियां कर रही हैं। अगर महिला के दावे सही पाए जाते हैं, तो यह सुरक्षा व्यवस्था और खुफिया जानकारी में हुई चूक का बड़ा संकेत हो सकता है।

NGV PRAKASH NEWS


👉समाचार स्रोत. Aaj Tak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *