
दारोगा की महिला मित्र संग पिटाई, होटल से सड़क तक खींचकर की गई मारपीट, DVR भी ले गए हमलावर
मेरठ। भूनी पुलिस चौकी से कुछ ही कदम दूर होटल पैराडाइज में चौकी प्रभारी अमित मलिक को महिला मित्र के साथ देखकर छूर गांव के युवकों ने दोनों के साथ मारपीट कर दी। युवकों ने न सिर्फ दारोगा को होटल रूम से बाहर खींचा, बल्कि सड़क पर लाकर भी पीटा। यही नहीं, वे होटल की DVR भी साथ ले गए, जिससे आशंका है कि महिला और दारोगा की वीडियो इंटरनेट पर वायरल की जा सकती है।
महिला तीन बच्चों की मां बताई जा रही है, जो दारोगा की पहले से परिचित थी। दारोगा के अनुसार, महिला घरेलू विवाद के कारण परेशान थी और इसी विषय पर बातचीत के लिए होटल आई थी। मगर इस दलील पर पुलिस विभाग के अधिकारी भरोसा नहीं कर रहे।
छूर गांव के युवक होटल में जन्मदिन की पार्टी मना रहे थे और शराब के नशे में थे। शोर-शराबे पर दारोगा ने आपत्ति जताई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। युवकों ने महिला मित्र के साथ भी अभद्रता की और मारपीट की। दारोगा को घसीटते हुए फ्लाईओवर तक ले जाकर सड़क पर पीटा गया और खेत में धक्का दे दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अजय शुक्ला और सीओ सरधना मौके पर पहुंचे। घायल दारोगा को गांव के प्रधान ने खेत से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पहुंचाया।
हमलावरों की पहचान वीडियो फुटेज से कर ली गई है, जिनमें एक हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है। उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। वहीं, पूरे प्रकरण की जांच एसपी देहात को सौंपी गई है और दारोगा अमित मलिक को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
– डॉ. विपिन ताडा, एसएसपी
NGV PRAKASH NEWS

