अचानक एक हुई धमाके की आवाज और सड़क पर बिखर गई लाशें..


नूह, 27 अप्रैल 2025।
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: बम धमाके जैसा मंजर, सड़क पर बिखरी लाशें, गांव में मातम

हरियाणा के नूंह जिले के गांव इब्राहिमबास के पास शनिवार सुबह दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसने हर किसी को दहला कर रख दिया। हादसे में छह महिलाओं समेत सात सफाई कर्मचारियों की दर्दनाक मौत हो गई। मंजर इतना भयावह था कि चंद सेकंड में लाशों के चिथड़े उड़ गए और आसपास चीख-पुकार मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार से आ रही पिकअप गाड़ी सड़क किनारे सफाई कर रहे कर्मचारियों को कुचलती हुई डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के बाद सड़क पर करीब 50 मीटर के दायरे में शव बिखरे पड़े थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत घायलों को अस्पताल भेजा। गंभीर रूप से घायल महिलाओं को दिल्ली एम्स ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जबकि एक अन्य घायल युवक का इलाज नल्हड़ मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।

मरने वालों की पहचान:

  • रेशम (60 वर्ष), पत्नी गुलाब सिंह
  • प्रेम (60 वर्ष), पत्नी रामसिंह
  • रत्ना (40 वर्ष), पत्नी रमेश
  • पिस्ता (30 वर्ष)
  • जेदेई (40 वर्ष), पत्नी देशराज
  • सत्नवति (30 वर्ष), पत्नी राजू
  • आस मोहम्मद (45 वर्ष), निवासी गांव झिमरावट, फिरोजपुर झिरका

घायलों की पहचान:

  • लज्जावती (41 वर्ष)
  • हेमलता (37 वर्ष)
  • जगवती
  • अनिल (32 वर्ष), निवासी गांव रिगड़

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि हादसे के समय पिकअप की रफ्तार सौ किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक थी। स्पीड की वजह से टक्कर इतनी भीषण थी कि कई महिलाओं के शरीर के चिथड़े उड़ गए। एक प्रत्यक्षदर्शी शवों की हालत देखकर बेहोश हो गया।

गांव में पसरा मातम:
गांव खेड़ीकलां की सभी मृतक महिलाएं आपस में परिचित थीं और एक साथ एक्सप्रेसवे पर सफाई का कार्य कर रही थीं। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। दिनभर किसी के घर चूल्हा तक नहीं जला। ग्रामीणों ने बताया कि महिलाएं रोजाना 500 से 600 रुपये की मजदूरी पर काम करती थीं।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया:
एक्सप्रेसवे के नीचे स्थित ढाबों और दुकानों के मालिकों ने जोरदार धमाका सुनने की बात कही। शुरुआत में सभी को लगा कि कहीं बम फट गया है, लेकिन जब नजर पड़ी तो सड़क पर बिखरे शवों और पलटी हुई पिकअप को देखकर लोग सिहर उठे। कई लोग पानी की बोतलें और प्राथमिक सहायता लेकर भागे और बचाव कार्य में जुट गए।

पुलिस कार्रवाई:
हादसे के बाद पिकअप चालक मोनू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस रफ्तार के साथ-साथ अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

NGV PRAKASH NEWS के लिए विशेष रिपोर्ट।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *