
सूरत से गायब हुए टीचर और छात्र: पुलिस जांच में जुटी
सूरत, 28 अप्रैल 2025।
गुजरात के सूरत शहर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक ही सोसाइटी में रहने वाली एक महिला टीचर और उसी सोसाइटी के एक छात्र के अचानक लापता होने की घटना ने हड़कंप मचा दिया है। दोनों के परिवार इस मामले को लेकर पुलिस थाने पहुंचे हैं। छात्र के पिता की शिकायत पर सूरत पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
छात्र के पिता ने पुलिस को बताया कि 25 अप्रैल को वे दोपहर में अपनी दुकान से घर खाना खाने आए थे। उस वक्त उनके दोनों बेटे घर पर ही खेल रहे थे। वे दुकान पर लौटने के बाद बड़े बेटे के नीचे खेलने जाने की जानकारी मिली। दोपहर 3 बजे के बाद पत्नी का फोन आया कि बड़ा बेटा अब तक घर नहीं लौटा है। उन्होंने सोचा कि बेटा नीचे ही खेल रहा होगा और थोड़ी देर में आ जाएगा।
लेकिन जब शाम के 5 बजे तक बेटा घर नहीं लौटा, तो उन्होंने सोसाइटी में पूछताछ शुरू की और फिर स्कूल जाकर भी तलाश की, पर वहां छुट्टियों के कारण कोई मौजूद नहीं था। बाद में सोसाइटी का सीसीटीवी फुटेज चेक किया गया, जिसमें महिला टीचर और छात्र एक साथ हाथ पकड़कर जाते हुए दिखाई दिए। इसके बाद जब टीचर को कॉल किया गया तो उनका फोन स्विच ऑफ मिला। इसके चलते छात्र के पिता ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शिकायत के आधार पर रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन और अन्य संभावित स्थानों पर जांच की जा रही है। तकनीकी माध्यमों से भी दोनों की लोकेशन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि छात्र और टीचर एक ही सोसाइटी में रहते हैं और छात्र, टीचर के घर पर ट्यूशन भी पढ़ने जाया करता था। इसी के चलते दोनों के बीच संपर्क था।
पुलिस ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज को आधार बनाकर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
(स्रोत : NGV PRAKASH NEWS)

