
लखनऊ: निकाह से पहले भाई ने किया बहन से दुष्कर्म, धमकाकर कहा- ‘कुछ दिन में तुम्हारी शादी है, किसी को पता नहीं चलेगा’
लखनऊ, 3 मई 2025।
राजधानी के पारा कोतवाली क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवती ने अपने सगे भाई पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि निकाह से पहले भाई ने बहन के साथ दुष्कर्म किया और धमकाकर कहा कि कुछ दिन में उसकी शादी है, इसलिए किसी को कुछ पता नहीं चलेगा। शादी के बाद जब युवती की तबीयत खराब हुई और जांच में गर्भवती होने का खुलासा हुआ, तब पूरे परिवार में सनसनी फैल गई।
पीड़िता ने बताया कि कुछ माह पहले उसका रिश्ता तय हुआ था। 1 अप्रैल की रात उसका सगा भाई जबरन कमरे में घुस आया और छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर उसने हाथ-पैर बांधकर दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी ने धमकी दी कि अगर किसी से कुछ कहा तो उसे जान से मार देगा। जब युवती ने मां-बाप को इस घटना के बारे में बताया, तो उन्होंने भी मामले को दबाने की कोशिश की।
निकाह के बाद खुला राज
पीड़िता का निकाह 15 अप्रैल को हुआ और वह रुख्सती के बाद ससुराल चली गई। कुछ ही दिन बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। 29 अप्रैल को पति उसे डॉक्टर के पास ले गया, जहां जांच में उसके गर्भवती होने की पुष्टि हुई। यह सुनकर ससुराल पक्ष हैरान रह गया। पूछताछ के दौरान युवती ने अपनी सास को पूरी सच्चाई बताई।
ससुराल पक्ष ने बहू का हौसला बढ़ाया और न्याय की लड़ाई में उसका साथ देने का आश्वासन दिया। ससुराल वालों के सहयोग से पीड़िता ने पारा कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। इंस्पेक्टर सुरेश सिंह के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी मीट की दुकान में काम करता है।
(NGV PRAKASH NEWS )

