NGV PRAKASH NEWS

वायरल वीडियो में युवती ने शादी का दावा कर पुलिस से मांगी सुरक्षा, मामा पर उत्पीड़न का आरोप
बलिया जिले से सोशल मीडिया X पर एक युवती का वीडियो कई दिनों से तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक युवक के साथ खड़ी होकर उसे अपना पति बताते हुए पुलिस और प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगा रही है। वीडियो में युवती अपना नाम पूनम रावत और युवक का नाम ऋषि नंदन वाल्मीकि बता रही है। वह दावा कर रही है कि उसने अपनी मर्जी से ऋषि नंदन वाल्मीकि से शादी कर ली है और दोनों पति-पत्नी के रूप में साथ रह रहे हैं।
वीडियो संदेश में युवती यह भी कहती है कि वह पूरी तरह होश-हवास में यह वीडियो बना रही है और इसे भटनी थाना, देवरिया पुलिस प्रशासन, गोरखपुर रेंज के डीआईजी और बलिया प्रशासन के संज्ञान में दे रही है। युवती का कहना है कि उसके पास खुद का कोई सोशल मीडिया अकाउंट नहीं है और वह यह वीडियो अपने पति के अकाउंट से पोस्ट कर रही है ताकि उसकी बात अधिकारियों तक पहुंच सके।
पूनम रावत का आरोप है कि वह वर्ष 2023 से ऋषि नंदन वाल्मीकि के संपर्क में थी और जब इस रिश्ते की जानकारी उसके मामा को हुई तो उन्होंने उसे और उसकी मां को लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। युवती के अनुसार मामा उस पर दबाव बना रहे थे कि वह युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराए और ऐसा न करने पर जान से मारने की धमकी भी देते थे। युवती का कहना है कि इसी उत्पीड़न से परेशान होकर वह युवक के साथ चली गई और उससे विवाह कर लिया।
वीडियो में युवती यह भी स्पष्ट करती है कि वह किसी के दबाव में नहीं है और अपनी इच्छा से यह बयान दे रही है। उसने प्रशासन से अपील की है कि उसे और उसके पति को सुरक्षा प्रदान की जाए ताकि वे बिना डर के अपनी जिंदगी जी सकें। फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है और मामला पुलिस व प्रशासन के संज्ञान में लाए जाने का दावा किया जा रहा है। प्रशासन की ओर से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन वीडियो के आधार पर मामले की जांच की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
NGV PRAKASH NEWS

