

गोरखपुर: प्रेमिका और उसकी बहन को गोली मारकर प्रेमी ने की खुदकुशी की कोशिश, तीनों अस्पताल में भर्ती
गोरखपुर, 3 मई 2025।
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक सिरफिरे प्रेमी ने दिल दहला देने वाली वारदात को अंजाम दिया। कैंट थाना क्षेत्र के सिविल लाइन इलाके में युवक ने अपनी प्रेमिका और उसकी बहन को गोली मार दी और फिर खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या की कोशिश की। तीनों को गंभीर हालत में बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी युवक मनदीप आजमगढ़ जिले का रहने वाला है। शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे वह अपनी प्रेमिका पूजा के घर पहुंचा और उससे बातचीत करने लगा। बातचीत के दौरान जब पूजा ने शादी से इनकार किया तो गुस्से में आकर मनदीप ने तमंचा निकालकर पूजा पर गोली चला दी। पहली गोली पूजा के पेट में और दूसरी सीने में लगी। बीच-बचाव करने आई पूजा की बहन नैंसी को भी उसने गोली मार दी। इसके बाद मनदीप ने खुद को सीने में गोली मार ली।
घटना के समय पूजा की मां घर में मौजूद थीं। गोली की आवाज सुनकर वह दौड़ीं और चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू की और तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
परिवार के अनुसार, पूजा की 8 मई को सगाई होने वाली थी। पूजा के पिता कृषि विभाग में कनिष्ठ सहायक पद पर कार्यरत थे, जिनका निधन कोरोना काल में हो गया था। मृतक आश्रित कोटे में पूजा के भाई अमन को नौकरी मिली। घटना के वक्त अमन बीए सेकंड ईयर की परीक्षा देने गया था।
आरोपी मनदीप, पूजा की मौसी के जेठ का लड़का बताया जा रहा है। गोरखपुर के एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटा लिए हैं और तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
NGV PRAKASH NEWS

