

मां ने रंगे हाथ पकड़ा बेटा, चौराहे पर चप्पलों से हुई ताबड़तोड़ सेवा!
कानपुर, 03 मई 2025।
कानपुर में शुक्रवार का दिन एक प्रेमी जोड़े के लिए ऐसा तूफान लेकर आया कि चाऊमीन का स्वाद तो दूर, दोनों की हालत खस्ता हो गई। हुआ यूं कि पनकी निवासी रोहित अपनी गर्लफ्रेंड के साथ चोरी-छुपे डेट पर निकला था। दोनों गुजैनी की रहने वाली लड़की के साथ रामगोपाल चौराहे पर चाऊमीन के मजे ले रहे थे, तभी किस्मत ने ऐसी करवट ली कि मां की नजर उन पर पड़ गई।
अब जनाब, मां सुशीला जी भी मौके पर थीं और बेटे को रंगे हाथ पकड़कर उनका पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया। गुस्से से तमतमाई मां ने पहले चौराहे पर जोर से चिल्लाकर पूरी भीड़ इकट्ठा कर दी। इसके बाद जो सीन हुआ वो देखने लायक था। जैसे ही प्रेमिका ने स्कूटी स्टार्ट कर भागने की कोशिश की, मां ने रफ्तार पकड़कर दोनों को धर दबोचा। फिर शुरू हुई असली फिल्म – बेटे की चप्पलों से ऐसी धुनाई कि स्कूटी भी कांप उठी, और जब प्रेमिका ने बचाने की कोशिश की तो मां ने उसका भी बाल पकड़कर अच्छी-खासी सेवा कर दी।
इधर तमाशा देख रही भीड़ के चेहरे पर एक से बढ़कर एक रिएक्शन थे, कुछ लोग वीडियो बनाने में जुटे थे तो कुछ लोग हंसते-हंसते दोहरे हुए जा रहे थे। किसी तरह भीड़ ने मां को शांत कराया और पुलिस को बुला लिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों प्रेमी-प्रेमिका को थाने ले आई।
थाने में भी दोनों के चेहरे उतरे हुए थे और सिर झुके हुए। एडीसीपी महेश कुमार ने बताया कि मामला सिर्फ हंगामा और थोड़ी-बहुत मारपीट का था, किसी पक्ष ने शिकायत नहीं की। समझाइश के बाद लड़की को उसके घर भेज दिया गया और लड़का भी मां के साथ सिर झुकाकर वापस लौट गया।
कुल मिलाकर चाऊमीन वाली डेट की जगह दोनों को चौराहे वाली कड़ी सजा मिल गई और कानपुर वालों को एक दिन के लिए मजेदार मसाला भी!
NGV PRAKASH NEWS

