सास के दामाद संग भागने की खबरों के बीच :एक सास नें दामाद को बचाने के लिए दे दी जान की कुर्बानी

सास के दामाद के संग भागने की खबरें अभी तक सुर्खियों में थी लेकिन यहां पर एक सास ने अपने दामाद को बचाने के लिए अपनी जान दे दी..

दामाद को बचाने के लिए सास ने दी जान: आज़मगढ़ में मामूली विवाद ने ली महिला की बलि

NGV PRAKASH NEWS विशेष रिपोर्ट

उत्तर प्रदेश के आज़मगढ़ जिले में शुक्रवार को एक हृदयविदारक घटना घटी, जिसने पूरे क्षेत्र को हिला दिया। जहां देशभर में दामाद के साथ सास के भागने की खबरें चर्चा में थीं, वहीं अतरौलिया थाना क्षेत्र के नाऊपुर गांव में एक सास ने अपने दामाद की जान बचाने के लिए अपनी जान न्यौछावर कर दी।

घटना उस वक्त हुई जब संजीव पांडे नामक व्यक्ति चारपहिया वाहन से अपनी ससुराल जा रहे थे। रास्ते में गांव के ही विश्वकेतु सिंह, जो बाइक से बच्चों के साथ जा रहे थे, उनकी गाड़ी से हल्की टक्कर हो गई। मामूली टक्कर के बाद विवाद बढ़ गया और कहासुनी में बदल गया। कुछ ही देर में विश्वकेतु अपने घर जाकर अपने पिता भगवान सिंह को साथ लेकर लौटा। आरपीएस स्कूल के पास दोनों ने संजीव पांडे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया और फिर विश्वकेतु ने असलहा निकालकर गोली चला दी।

गंभीर बात यह रही कि वह गोली सीधे संजीव पांडे को निशाना बनाकर चलाई गई थी, लेकिन उनकी सास रमावती देवी (55) बीच में आ गईं और गोली उनके पेट में जा लगी। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी भगवान सिंह को हिरासत में ले लिया है, जबकि विश्वकेतु सिंह फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार भगवान सिंह पर 2004 में भी हत्या का मामला दर्ज हो चुका है, जिससे परिवार की आपराधिक पृष्ठभूमि पर सवाल उठने लगे हैं।

दामाद संजीव पांडे ने भावुक होते हुए कहा, “विवाद पूरी तरह से एकतरफा था। गोली मुझे मारने के लिए चलाई गई थी, लेकिन मेरी सास मां बनकर ढाल बन गईं।” वहीं, मृतका की बेटी का भी कहना है, “ठाकुर मेरे जीजा को मारने आए थे, लेकिन मेरी मां बीच में आ गईं और अपनी जान दे दी।”

यह घटना केवल एक पारिवारिक बलिदान नहीं, बल्कि उस ममता और रिश्ते की मिसाल है जो एक सास और दामाद के बीच भी उतनी ही प्रगाढ़ हो सकती है जितनी मां-बेटे के बीच। प्रशासन पर अब आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और गांव में कानून व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *