
बड़ी खबर :लखनऊ में आयकर विभाग के दो अधिकारियों के बीच मारपीट, हाई प्रोफाइल मामला
लखनऊ, 29 मई 2025।
राजधानी लखनऊ में गुरुवार शाम आयकर विभाग के मुख्यालय में उस समय सनसनी फैल गई जब दो वरिष्ठ अधिकारियों के बीच मारपीट की घटना हो गई। 2016 बैच के डिप्टी कमिश्नर गौरव गर्ग और 2014 बैच के असिस्टेंट कमिश्नर योगेंद्र कुमार मिश्र के बीच विभागीय विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया।
गौरव गर्ग गुरुवार शाम को छठें तल पर स्थित अपने कार्यालय में काम कर रहे थे। इसी दौरान योगेंद्र कुमार मिश्र उनके कक्ष में घुस आए और कथित तौर पर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि असिस्टेंट कमिश्नर ने ऑफिस का दरवाजा बंद कर गौरव गर्ग को बेरहमी से पीटा। गौरव गर्ग को गंभीर चोटें आई हैं और फिलहाल श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद गौरव गर्ग ने हजरतगंज पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि असिस्टेंट कमिश्नर ने उनके मुंह पर पानी से भरा गिलास दे मारा, जिससे उनके सिर और कान में गंभीर चोट आई। इस हमले ने पूरे आयकर विभाग को हिला कर रख दिया।
गौरव गर्ग की पत्नी रवीना त्यागी, यूपी कैडर की आईपीएस अधिकारी हैं और लखनऊ में तैनात हैं। इस वजह से मामला और भी हाई प्रोफाइल हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। हालांकि, आयकर विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। माना जा रहा है कि विभाग ने आंतरिक जांच के आदेश दे दिए हैं।
डीसीपी सेंट्रल आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि घायल अधिकारी गौरव गर्ग को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। “उनकी हालत स्थिर है और मेडिकल परीक्षण जारी है। तहरीर मिलने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी,” डीसीपी ने कहा।
फिलहाल, विवाद की असल वजह सामने नहीं आई है, लेकिन शुरुआती जांच में इसे विभागीय तनाव और आपसी मनमुटाव से जुड़ा बताया जा रहा है। इस अप्रत्याशित घटना ने विभागीय माहौल को काफी असहज कर दिया है।
NGV PRAKASH NEWS
