
उल्टी करते समय नव विवाहित गिरी ट्रेन से: उसके बाद पति नें किया यह काम
शिवपुरी, 29 मई 2025।
शिवपुरी के रातौर रोड रेलवे ट्रैक पर बुधवार रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। चलती ट्रेन से एक नवविवाहिता शिवानी शर्मा नीचे गिर गई। घटना के तुरंत बाद पति ने ट्रेन की चेन खींची और करीब एक किलोमीटर पीछे जाकर अंधेरे में पत्नी को मरणासन्न हालत में पाया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, ग्वालियर निवासी वकील विकास जोशी की शादी 16 अप्रैल को उरई (जालौन) की शिवानी शर्मा से हुई थी। शिवानी LLB की छात्रा थी और हाल ही में अपनी परीक्षा देने पति के साथ उरई गई थी। परीक्षा के बाद दोनों मंगलवार 27 मई को ग्वालियर लौटे और बुधवार शाम को ट्रेन से इंदौर के लिए रवाना हुए। विकास इंदौर में वकालत करते हैं और वहीं रहते हैं।
विकास ने बताया कि बुधवार रात करीब 9 बजे जब ट्रेन शिवपुरी स्टेशन से कुछ दूर थी, तभी शिवानी को उल्टी आने लगी। वह कोच के दरवाजे तक गई, जबकि विकास पानी लेने गया था। जब विकास वापस आया, तो एक युवक ने बताया कि महिला का पैर फिसल गया और वह नीचे गिर गई। यह सुनते ही उसने तुरंत चेन खींची और ट्रेन से कूद पड़ा।
ट्रेन करीब एक किलोमीटर आगे निकल गई थी। विकास ने अंधेरे में टॉर्च की रोशनी से अपनी पत्नी को ढूंढा और उसे रातौर क्रॉसिंग के पास सड़क तक लाया। विकास ने बताया कि जीआरपी ने उसकी कोई मदद नहीं की। वह खुद ही पत्नी को उठाकर लगभग आधी दूरी तक चलकर लाया। बाद में एक कार चालक ने मदद की और दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने शिवानी को मृत घोषित कर दिया।
थाना कोतवाली के एसआई सुमित शर्मा ने बताया कि मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। विकास जोशी ने बताया कि ट्रेन में अचानक पत्नी को उल्टी होने लगी थी, जिसके चलते वह गेट के पास चली गई थी और पैर फिसलने से गिर गई। इस घटना ने न सिर्फ परिवार को बल्कि इलाके को भी गहरे सदमे में डाल दिया है।
NGV PRAKASH NEWS

