14 साल की लड़की के पेट से निकला रहस्यमय चीज डॉक्टर भी रह गए हैरान


“210 सेंटीमीटर लंबा रहस्य: पेट से निकला दुनिया का सबसे बड़ा बालों का गोला!”


जयपुर।
सवाईमानसिंह अस्पताल में डॉक्टरों ने इतिहास रच दिया। आगरा के बरारा गांव की 14 वर्षीय छात्रा के पेट से दुनिया का सबसे लंबा ट्राइकोबेज़ोआर (बालों का विशाल गोला) निकाला गया। यह बालों का गोला 210 सेंटीमीटर लंबा था, जबकि अब तक का रिकॉर्ड 180 सेंटीमीटर का ही था। यह चौंकाने वाला ऑपरेशन पूरे दो घंटे तक चला, लेकिन इसे सफलतापूर्वक एक ही टुकड़े में बाहर निकाला गया।

छात्रा, जो एक किसान परिवार से ताल्लुक रखती है और 10वीं कक्षा में पढ़ती है, पिछले कई वर्षों से मिट्टी, धागे, लकड़ी के टुकड़े और चॉक खाने की आदत से परेशान थी। डॉक्टर जीवन कांकरिया के मुताबिक, यह मामला ‘पिका’ नामक मानसिक स्वास्थ्य समस्या से जुड़ा है, जिसमें व्यक्ति खाने योग्य न होने वाली चीजें खाने लगता है।

करीब एक महीने से पेट दर्द और उल्टी की शिकायत के बाद जब छात्रा को अस्पताल लाया गया, तो डॉक्टरों ने पेट में एक सख्त और लंबा गोला महसूस किया। कंट्रास्ट सीटी स्कैन में पता चला कि यह सिर्फ पेट तक सीमित नहीं था, बल्कि नाभि और दाएं ऊपरी पेट क्षेत्र तक फैला हुआ था। तत्काल लैपरोटॉमी सर्जरी का निर्णय लिया गया।

सर्जरी के दौरान डॉक्टर खुद हैरान रह गए – यह बालों का गोला न सिर्फ पेट में, बल्कि छोटी आंत तक फैला हुआ था। अगर यह टूट जाता, तो इसे निकालने के लिए आंतों में कई चीरे लगाने पड़ सकते थे। टीम ने इसे एक ही टुकड़े में बाहर निकालकर अनोखा रिकॉर्ड कायम किया।

सर्जरी में शामिल डॉक्टरों की टीम:
डॉ. जीवन कांकरिया, डॉ. राजेंद्र बुगालिया, डॉ. देवेंद्र सैनी, डॉ. अमित, डॉ. सुनील चौहान और एनेस्थीसिया टीम। सहायक स्टाफ शायर और जुगन ने भी अहम भूमिका निभाई। फिलहाल छात्रा की हालत स्थिर बताई जा रही है और वह तेजी से स्वस्थ हो रही है।

NGV PRAKASH NEWS


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *