
NGV PRAKASH NEWS
दरिंदगी: मजदूर दंपती पर कहर, जबरन शराब पिलाकर पत्नी से गैंगरेप; चार आरोपी गिरफ्तार
बोकारो, 1 जून 2025।..
झारखंड के बोकारो जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया है। सेक्टर-12 थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक मजदूर दंपती के साथ हुई दरिंदगी ने सभी को झकझोर कर रख दिया। अपराधियों ने पति के सामने पत्नी से सामूहिक दुष्कर्म किया और पति को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, घटना तब हुई जब दंपती ढूंढीबाद सब्जी मंडी से सब्जी खरीदकर घर लौट रहा था। रास्ते में सेक्टर-12ए स्थित एक स्कूल के पास चार अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। विरोध करने पर अपराधियों ने दंपती को जबरन स्कूल की दीवार के अंदर खींच लिया। पति को बंधक बनाकर उसके हाथ-पैर बांधे और बेरहमी से पिटाई की। इसके बाद आरोपियों ने उसे जबरन शराब पिलाई और पत्नी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
पीड़िता ने किसी तरह पति के बंधन खोलकर सड़क पर मदद के लिए लोगों को आवाज दी। सूचना मिलते ही सेक्टर-12 थाना प्रभारी सुभाषचंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और घायल दंपती को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बोकारो एसपी हरविंद्र सिंह ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। टेक्निकल सेल की मदद से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनमें एक आरोपी ऑटो चालक है और उसकी गाड़ी भी जब्त कर ली गई है। एसपी ने बताया कि पीड़ित दंपती अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन इमारत में मजदूरी कर रहा था। पीड़िता कुछ दिन पहले ही धनबाद के मधुबन से यहां आई थी। एसपी ने आश्वासन दिया कि दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
NGV PRAKASH NEWS

