

हैदराबाद में मिस वर्ल्ड 2025 का रंगारंग समापन, थाईलैंड की ओपल बनीं विश्व सुंदरी
नई दिल्ली। हैदराबाद की अद्भुत शाम ने दुनिया भर की खूबसूरत और प्रतिभाशाली महिलाओं के बीच 72वीं मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता के भव्य फिनाले को यादगार बना दिया। लाखों दिलों की धड़कनों को थामे, भारत की नंदिनी गुप्ता की जीत की उम्मीदें हर किसी की आंखों में झलक रही थीं। लेकिन, इस बार किस्मत का ताज थाईलैंड की ओपल सुचाता चुआंग्सरी के सिर सजा और भारत को निराशा हाथ लगी।
शनिवार की शाम 6:30 बजे, तेलंगाना के भव्य ट्राइडेंट में जब प्रतियोगिता की शुरुआत हुई, तब 108 प्रतियोगियों ने मंच पर अपना परिचय कराया। इसके बाद शुरू हुई घोषणाओं की घड़ी, जिसमें एक-एक कर दुनिया की बेहतरीन सुंदरियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
भारत की नंदिनी गुप्ता ने इस मंच पर अपनी मौजूदगी से हर किसी को प्रभावित किया। उन्होंने टॉप मॉडल चैलेंज में उम्दा प्रदर्शन कर चार महाद्वीपीय विजेताओं में अपनी जगह बनाई। लेकिन, आखिरी पड़ाव पर वह टॉप 8 में पहुंचने से चूक गईं। वहीं, मिस मार्टिनिक को प्रतियोगिता में चौथा स्थान मिला, मिस पोलैंड तीसरे स्थान पर रहीं, और मिस इथियोपिया उपविजेता रहीं।
भारत की हार भले ही दिलों को दुखी कर गई, लेकिन इस ऐतिहासिक आयोजन ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि खूबसूरती केवल चेहरे पर नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और व्यक्तित्व में भी बसती है। मिस वर्ल्ड 2025 की नई विश्व सुंदरी, थाईलैंड की ओपल सुचाता चुआंग्सरी को बधाई।
– NGV PRAKASH NEWS
