दलितों और यादवों के बीच इस बात को लेकर हुआ टकराव : पुलिस को करना पड़ा बल प्रयोग

अमरोहा में बारात के रास्ते को लेकर दलित-यादव समाज में टकराव, कई घायल, तनावपूर्ण माहौल

अमरोहा, उत्तर प्रदेश | 4 जून 2025

उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से दलित और यादव समाज के बीच जातीय तनाव की एक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यह विवाद गजरौला थाना क्षेत्र के रहदरा गांव में तब भड़का, जब दलित समाज की बारात को रास्ता देने को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। बात इतनी बढ़ गई कि देखते ही देखते मारपीट, पथराव और हंगामा शुरू हो गया। पुलिस को हालात काबू में करने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा।

क्या है पूरा मामला?

रहदरा गांव में दलित समाज की दो बेटियों की शादी थी और बारात नाच-गाते हुए जा रही थी। बारातियों ने रास्ते में यादव समाज के कुछ लोगों से गुजारने की अनुमति मांगी। आरोप है कि यादव समाज के लोगों ने रास्ता देने से इनकार कर दिया और कहा कि “अपने इलाके से बारात निकालो”। इस बात पर कहासुनी हुई और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।

दलित समाज का कहना है कि यादव समाज के लोगों ने बारात में बाधा पहुंचाई, गाली-गलौज की और लाठियों से हमला किया। इस झड़प में चार बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

गांव में तनाव, पुलिस पर पथराव

विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस को भी ग्रामीणों के गुस्से का सामना करना पड़ा। दोनों पक्षों की उग्र भीड़ ने पुलिस पर भी पथराव कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। फिलहाल पुलिस गांव में मौजूद है और हालात पर नजर बनाए हुए है।

भीम आर्मी का हस्तक्षेप

घटना की खबर मिलते ही भीम आर्मी के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और पीड़ित दलित समाज को न्याय दिलाने की मांग की। भीम आर्मी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करेंगे। संगठन ने इस हमले को दलितों के सम्मान और हक का उल्लंघन बताया।

पुलिस का पक्ष

पुलिस का कहना है कि यह विवाद एक गाड़ी के आने-जाने को लेकर शुरू हुआ था। बारात और एक वाहन के आमने-सामने आने पर कहासुनी हुई, जो मारपीट में तब्दील हो गई। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। कुछ नामजद आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है, और पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *