
पुश्तैनी मकान निर्माण में दबंगों ने डाला रोड़ा, पीड़िता ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार
NGV PRAKASH NEWS | बस्ती | जून 2025
उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद में एक महिला को अपने ही पुश्तैनी जर्जर मकान की मरम्मत कराना भारी पड़ गया है। आरोप है कि कुछ दबंगों ने न सिर्फ मरम्मत कार्य को जबरिया रोक दिया, बल्कि जान से मारने की धमकी देते हुए मजदूरों को भी भगा दिया। परेशान पीड़िता ने अब पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।
घटना पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के लोहरौली गांव की है। यहां की निवासी पिंकी, पुत्री स्वर्गीय मंहगीलाल ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनका पुश्तैनी मकान पूरी तरह जर्जर हो चुका है और वह उसकी मरम्मत करा रही थीं। लेकिन 5 जून की सुबह करीब 9 बजे गांव की ही गुड़िया देवी और लाल बिहारी कुछ अज्ञात लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और जबरिया मकान में घुसकर दीवार तोड़ने लगे।
पिंकी ने बताया कि जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देने लगे। पीड़िता का कहना है कि वह इस घटना से काफी डरी-सहमी है।
पिंकी के अनुसार, 7 जून को भी आरोपियों ने दुबारा धमकाया और काम करवा रहे मजदूरों को भगा दिया। इस पूरे मामले की सूचना पुरानी बस्ती थाने को दी गई, लेकिन पुलिस की ओर से कोई मदद नहीं मिली। न तो कोई कार्रवाई की गई और न ही सुरक्षा प्रदान की गई।
पिंकी ने एसपी बस्ती को दिए पत्र में दबंगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने जान-माल की सुरक्षा और पुश्तैनी मकान की मरम्मत कराने देने की अपील की है। पीड़िता का कहना है कि उसे न्याय न मिला तो वह धरना-प्रदर्शन करने पर विवश होगी|
यह घटना बस्ती जिले में सामाजिक दबंगई और पुलिस की निष्क्रियता की एक झलक पेश करती है। जहां एक महिला अपने पुश्तैनी मकान की मरम्मत को लेकर डर और दहशत में जी रही है, वहीं स्थानीय पुलिस की चुप्पी चिंता का विषय है। इस मामले में यदि समय रहते कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो यह एक और कानूनी और सामाजिक विफलता का उदाहरण बन जाएगा।
रिपोर्ट: NGV PRAKASH NEWS विशेष संवाददाता, बस्ती

