डॉ. एस के गौड़ के हॉस्पिटल में बच्चे की मौत का मामला : सीएमओ ने जांच कमेटी की गठित


बस्ती में इलाज में लापरवाही का गंभीर मामला, जांच कमेटी गठित

बस्ती, 26 जून 2025 |
जनपद बस्ती में इलाज में लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें एक मासूम की असमय मौत हो जाने पर हड़कंप मच गया है। इस मामले को लेकर विश्व हिन्दू महासंघ के जिलाध्यक्ष अखिलेश सिंह द्वारा जिलाधिकारी को एक शिकायत पत्र सौंपा गया। पत्र में आरोप लगाया गया है कि नगर के एक निजी अस्पताल में कार्यरत बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. संजय कुमार गौड़ उर्फ एस के गौड़ की लापरवाही के चलते एक मासूम बच्चे की जान चली गई।

शिकायत के अनुसार, बच्चा गंभीर रूप से बीमार था और उसे 25 जून 2025 को बस्ती शहर के जोगिया स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां उपचार के दौरान डॉक्टर द्वारा गंभीर लक्षणों के बावजूद सही तरीके से इलाज नहीं किया गया। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर ने समय पर उचित प्राथमिक उपचार नहीं दिया और इलाज में घोर लापरवाही बरती, जिससे बच्चे की मृत्यु हो गई।

विश्व हिन्दू महासंघ ने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि डॉक्टर द्वारा पहले भी कई बार मरीजों के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया है। शिकायत पत्र में दोषी डॉक्टर के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और उसकी जांच कराकर मेडिकल परिषद से निलंबन की मांग की गई है।

इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO), बस्ती ने तत्काल प्रभाव से जांच समिति गठित करने का आदेश दिया है। CMO कार्यालय से जारी आदेश में डॉ. एसएन सिंह, डॉ. नरेंद्र कुमार वर्मा और श्रवण कुमार शुक्ला को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। यह समिति मामले की पूरी जांच कर 5 जुलाई 2025 तक रिपोर्ट सौंपेगी, ताकि दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी बस्ती ने निर्देशित किया है कि जांच निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से की जाए और मामले की गंभीरता को देखते हुए जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी स्थिति में मरीजों के जीवन से खिलवाड़ करने वाले चिकित्सकों को बख्शा नहीं जाएगा।

इस घटना के सामने आने के बाद जिले में चिकित्सा व्यवस्था को लेकर लोगों में आक्रोश है। परिजनों ने भी प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।

(NGV PRAKASH NEWS)


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *