
कोच्चि: IRS अधिकारी मनीष विजय, मां और बहन की संदिग्ध मौत से हड़कंप
कोच्चि।
केरल से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। केंद्रीय उत्पाद शुल्क और जीएसटी के अतिरिक्त आयुक्त मनीष विजय, उनकी बहन और मां की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मनीष चार दिनों की छुट्टी पर थे, लेकिन छुट्टी खत्म होने के बाद भी दफ्तर नहीं पहुंचे। उनके साथ कुछ दिनों से उनकी मां और बहन शालिनी भी रह रही थीं। पुलिस ने संदेह जताया है कि यह आत्महत्या का मामला हो सकता है।
डेढ़ साल पहले हुआ था तबादला
आईआरएस अधिकारी मनीष विजय का परिवार मूल रूप से झारखंड का रहने वाला है। वह केरल के एर्नाकुलम जिले के कक्कनाड स्थित कस्टम क्वार्टर में रह रहे थे। करीब डेढ़ साल पहले उनका तबादला कोच्चि किया गया था। इससे पहले वह कोझीकोड हवाई अड्डे पर कस्टम प्रिवेंटिव में तैनात थे।
घर से आई तेज बदबू, पुलिस ने किया चौंकाने वाला खुलासा
मनीष की अनुपस्थिति से चिंतित उनके सहकर्मी जब घर पहुंचे तो वहां से तेज बदबू आ रही थी। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जब पुलिस ने दरवाजा खोला तो अंदर का दृश्य चौंकाने वाला था। एक कमरे में उनकी मां शंकुतला का शव सफेद कपड़े में लिपटा बिस्तर पर पड़ा था, बगल में फूल रखे थे, जबकि मनीष और उनकी बहन शालिनी के शव अलग-अलग कमरों में फांसी से लटके मिले।
घर में मिली डायरी से मिला सुराग
पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर लिया है। घर की तलाशी में एक डायरी मिली, जिसमें लिखा था कि विदेश में रहने वाली बहन को मौत की सूचना दे देना। इससे पुलिस को शक है कि मां की मौत पहले हुई और उसके बाद मनीष और शालिनी ने आत्मघाती कदम उठाया। शव कुछ दिन पुराने बताए जा रहे हैं।
विवादों में थी बहन शालिनी की नियुक्ति
शालिनी ने 2006 में झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षा में टॉप किया था और उन्हें डिप्टी कलेक्टर के पद पर नियुक्ति मिली थी। हालांकि बाद में उनकी नियुक्ति पर सवाल उठे और उन्हें पद से बर्खास्त कर दिया गया। 2024 में CBI जांच के बाद उनके खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया गया। जानकारी के मुताबिक, इसी मामले के संबंध में मनीष ने छुट्टी ली थी।
आगे की कार्रवाई
पुलिस ने मनीष के विदेश में रहने वाले भाई और बहन को सूचना दी है। उनके पहुंचने के बाद ही तीनों शवों का पोस्टमार्टम किया जाएगा।
NGV PRAKASH NEWS

