छह वर्षीय बच्ची का अर्द्धनग्न शव नहर की माइनर में मिला, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका

उन्नाव में छह वर्षीय बच्ची का अर्द्धनग्न शव नहर की माइनर में मिला, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका
परिजनों ने जताई दरिंदगी की आशंका, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा, गांव में फैला आक्रोश और मातम

उन्नाव, 28 जून 2025
उन्नाव जिले के औरास थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां छह वर्षीय मासूम बच्ची का शव गांव से कुछ दूरी पर स्थित माइनर (रजबहा) में अर्द्धनग्न अवस्था में मिला। बच्ची गुरुवार रात से लापता थी और परिजनों ने शुक्रवार सुबह उसकी गुमशुदगी की सूचना थाने में दी थी। ग्रामीणों और परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है, जिससे पूरे इलाके में आक्रोश और शोक की लहर फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, औरास थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किसान की छह वर्षीय बेटी गुरुवार रात करीब आठ बजे अपने छोटे भाई के साथ घर के पास एक नल से पानी भरने गई थी। दादा को पानी देने के बाद बच्ची वापस बंगले की ओर चली गई, लेकिन देर रात तक जब वह घर नहीं लौटी तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। काफी प्रयासों के बाद भी बच्ची का कोई सुराग नहीं लगा।

शुक्रवार सुबह परिजनों ने औरास थाने में बच्ची की गुमशुदगी दर्ज कराई। इसके बाद शाम करीब चार बजे गांव से लगभग 500 मीटर दूर हाजीपुर गोसा से निकली माइनर में मैनी पुलिया के पास एक ग्रामीण ने बच्ची का शव उतराता देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया।

शव अर्द्धनग्न अवस्था में था। ग्रामीणों के अनुसार, बच्ची के शरीर के निचले हिस्से पर कपड़ा नहीं था और चेहरे व गाल पर काटने और चोट के निशान भी दिखाई दे रहे थे। इन परिस्थितियों को देखते हुए परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *