

: अवैध संबंध में महिला की गला घोंटकर हत्या, दो महीने से प्रेमी से था संपर्क
आगरा | 02 जुलाई 2025
थाना किरावली क्षेत्र के गांव अभुआपुरा में दो महीने से किराए पर रह रही एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। 35 वर्षीय महिला का शव शनिवार को घर की छत पर संदिग्ध हालात में मिला था। शव के चेहरे और गले पर चोट के निशान थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत गला घोंटने से होने की पुष्टि हुई थी।
हत्या के रहस्य से पर्दा उठाते हुए बुधवार को अछनेरा के सहायक पुलिस आयुक्त गौरव सिंह ने प्रेस वार्ता कर बताया कि इस मामले में आरोपी अजय पुत्र राजेंद्र निवासी अभुआपुरा को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने उसे महुअर पुल के पास से पकड़ा। पूछताछ में अजय ने जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसके पिछले दो महीनों से महिला से अवैध संबंध थे।
अजय ने बताया कि शनिवार रात वह महिला से मिलने उसके घर की छत पर गया था और शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। महिला ने इंकार किया, जिससे दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान गुस्से में आकर अजय ने महिला का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
एसीपी गौरव सिंह के अनुसार, मृतका मूल रूप से थाना फतेहपुर सीकरी क्षेत्र की रहने वाली थी और अपने तीन बच्चों (दो बेटे, एक बेटी) के साथ पिछले दो महीनों से अभुआपुरा में किराए पर रह रही थी। अजय का महिला से संपर्क भी इसी दौरान हुआ।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। अजय का कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है। इस दौरान थानाध्यक्ष किरावली केवल सिंह भी मौजूद रहे।
NGV PRAKASH NEWS

