“एक पेड़ मां के नाम” का महा अभियान 9 जुलाई से होगा प्रारंभ – मुख्यमंत्री

‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को लेकर मुख्यमंत्री ने किया संवाद, 9 जुलाई से महा वृक्षारोपण अभियान

लखनऊ, 7 जुलाई 2025
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को अपने सरकारी आवास से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ वृक्षारोपण महा अभियान-2025 के सफल क्रियान्वयन हेतु प्रदेश के महापौरों, जिला पंचायत अध्यक्षों, ब्लॉक प्रमुखों, पार्षदों और ग्राम प्रधानों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप शुरू हुआ यह अभियान आज जनआंदोलन का रूप लेता जा रहा है। 5 जून, विश्व पर्यावरण दिवस से शुरू हुए इस कार्यक्रम ने पर्यावरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।

उन्होंने कहा कि ग्लोबल वॉर्मिंग न केवल जीव-जंतुओं बल्कि मानवता के लिए भी बड़ा खतरा बन रही है। जलवायु संतुलन बनाए रखने और भावी पीढ़ियों को सुरक्षित पर्यावरण देने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने सभी जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे इसे केवल सरकारी योजना न मानें, बल्कि जनभागीदारी से जोड़कर अभियान को सफल बनाएं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 2017 के पहले प्रदेश का वन आवरण लगातार घट रहा था, लेकिन बीते 8 वर्षों में सुनियोजित प्रयासों से यह 9% से बढ़कर 10% हो गया है। आज उत्तर प्रदेश हरित आवरण वृद्धि में देश में दूसरे स्थान पर है।

वर्ष 2017 से 2023 के बीच प्रदेश में हरित आवरण में कुल 3.38 लाख एकड़ की वृद्धि हुई है। इसी अवधि में 5 लाख एकड़ भूमि पर हरियाली फैली है। किसानों को मेड़ों पर वृक्षारोपण के लिए प्रेरित किया जा रहा है। 5 वर्ष पूर्ण होने पर उन्हें कार्बन क्रेडिट योजना के अंतर्गत प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जा रही है। वर्ष 2024 में किसानों को 32.80 लाख रुपये का भुगतान किया गया, जबकि इस वर्ष 7 मंडलों के किसानों को 42.20 लाख रुपये दिए जाएंगे।

उन्होंने नदियों के पुनरुद्धार पर बल देते हुए कहा कि जैसे शरीर में धमनियों की आवश्यकता होती है, वैसे धरती माँ के लिए नदियाँ जरूरी हैं। इस दिशा में भी जनप्रतिनिधियों को सक्रिय होकर कार्य करना होगा।

वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने कहा कि ग्लोबल वॉर्मिंग की वजह से तापमान में असामान्य वृद्धि हो रही है। नौतपा अब पूरे महीने में बदल गया है। उन्होंने कहा कि पेड़ लगाकर ही हम कार्बन डाइऑक्साइड के प्रभाव को नियंत्रित कर सकते हैं।

मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने बताया कि वृक्षारोपण महा अभियान का शुभारंभ 9 जुलाई से होगा। वर्ष 2017 से अब तक प्रदेश में कुल 204 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं, जो राज्य के इतिहास में सर्वाधिक हैं।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर आगरा की महापौर हेमलता दिवाकर, वाराणसी के महापौर अशोक तिवारी, सम्भल के बबराला नगर पंचायत अध्यक्ष हर्ष वर्धन और जालौन के जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी से संवाद कर उनकी तैयारियों की जानकारी ली। सभी जनप्रतिनिधियों ने अभियान की सफलता को लेकर सकारात्मक आश्वासन दिया।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *