➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖


शादी के तीन दिन बाद ही पति की हैवानियत, पत्नी के चेहरे पर थूका, कहा- “तू चुड़ैल लगती है”
NGV PRAKASH NEWS | 17 जुलाई 2025
गोरखपुर जनपद से एक शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां विवाह के महज तीन दिन बाद ही एक महिला को अपने पति और ससुराल वालों की क्रूरता का शिकार होना पड़ा। एम्स थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसके पति ने दहेज में कार न मिलने पर उसके चेहरे पर थूक दिया और उसे “चुड़ैल” जैसी शक्ल वाली कहकर मानसिक प्रताड़ना दी।
पीड़िता की शादी 26 अप्रैल 2024 को चौरीचौरा निवासी दीपक यादव से हुई थी, जो रेलवे विभाग में कार्यरत है। महिला ने बताया कि विवाह से पहले लड़के पक्ष ने गोरखनाथ मंदिर में लड़की को देखा और फिर रिश्ता तय कर लिया गया। लड़की के पिता ने नौ लाख रुपये नकद, सोने के आभूषण और घरेलू सामान दहेज स्वरूप दिए, लेकिन इसके बावजूद लालच की भूख खत्म नहीं हुई।
शादी के महज तीन दिन बाद ही दीपक ने पत्नी पर दहेज का दबाव बनाना शुरू कर दिया। उसने धमकी दी कि जब तक कार नहीं मिलेगी, वह उसे पत्नी के रूप में स्वीकार नहीं करेगा। बात यहीं नहीं रुकी—पति ने उसकी शक्ल पर तंज कसते हुए कहा, “तू चेहरे से चुड़ैल लगती है”, और फिर उसके चेहरे पर थूक दिया।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि रेलवे में नौकरी लगने के एक साल बाद भी पति ने जानबूझकर उसे नॉमिनी नहीं बनाया। जब उसने सास-ससुर से शिकायत की तो उन्होंने कोई मदद नहीं की, बल्कि पूरे परिवार ने उसे शारीरिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। अंततः 31 मार्च को पति सहित पूरे ससुराल पक्ष ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। जब पीड़िता के पिता को इस बारे में पता चला तो वे ससुराल पहुंचे और बेटी को अपने घर ले आए।
घटना की शिकायत एम्स थाने में की गई है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति दीपक यादव और ससुराल पक्ष के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सीओ कैंट योगेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि दहेज लोभियों की मानसिकता आज भी समाज में कितनी गहराई तक जमी हुई है। शादी जैसे पवित्र बंधन को कुछ लोग अब भी सौदेबाजी का जरिया समझते हैं, जिसका खामियाजा निर्दोष बेटियों को भुगतना पड़ता है।
(NGV PRAKASH NEWS)
