बाइको की आमने-सामने टक्कर में 3 कांवड़ियों की हुई दर्दनाक मौत..

Gyan Prakash Dubey

बस्ती: कांवड़ यात्रा के दौरान भीषण सड़क हादसा, तीन कांवड़ियों की दर्दनाक मौत

बस्ती, 21 जुलाई 2025
श्रावण माह की कांवड़ यात्रा के दौरान उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में एक बेहद दुखद हादसा सामने आया है। अयोध्या-गोरखपुर फोरलेन (नेशनल हाईवे) पर गोटवा के पास सोमवार देर रात दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में तीन कांवड़ियों की जान चली गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कांवड़ लेकर लौट रहे तीनों श्रद्धालु अलग-अलग बाइकों पर सवार थे। गोटवा मोड़ के पास उनकी बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही नगर कोतवाल चंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल एंबुलेंस के जरिए घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

जहां डॉक्टरों ने एक कांवड़िए को मृत घोषित कर दिया, जबकि बाकी दो की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान दोनों ने भी दम तोड़ दिया। तीनों की मौत से उनके परिवारों और पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।

मृतकों में से दो की पहचान संत कबीर नगर जिले के बेलहर कला गांव के रहने वाले राजकुमार और आकाश के रूप में हुई है। तीसरे मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, प्रारंभिक तौर पर बताया जा रहा है कि बाइक की तेज रफ्तार और असंतुलित नियंत्रण इसकी वजह हो सकती है।

श्रावण महीने में इस तरह की घटनाएं श्रद्धालुओं और प्रशासन दोनों के लिए चेतावनी हैं। पुलिस ने अपील की है कि कांवड़ यात्री यात्रा के दौरान सावधानी बरतें और हेलमेट के साथ यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *