कथित रूप से राम मंदिर पर विशेष समुदाय द्वारा टिप्पणी किए जाने पर कांवरियों द्वारा जमकर काटा गया बवाल..

Gyan Prakash Dubey

कांवर यात्रा में बवाल: राम मंदिर पर अभद्र टिप्पणी से भड़के कांवरिये, बस्ती के कप्तानगंज चौराहे पर उपद्रव, आगजनी और नारेबाजी

बस्ती, 21 जुलाई 2025:
अयोध्या से सरयू नदी का पवित्र जल लेकर लौट रहे कांवरियों का एक बड़ा जत्था जब बस्ती जिले के कप्तानगंज चौराहे पर पहुंचा, तो अचानक तनाव फैल गया। राम मंदिर को लेकर एक विशेष समुदाय के युवक द्वारा की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से आक्रोशित कांवरियों ने पहले नारेबाजी की और फिर देखते ही देखते मामला हिंसक रूप ले बैठा।

चौराहे पर भारी तोड़फोड़ और आगजनी शुरू हो गई। कांवरियों ने पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया। पुलिस की गाड़ियों पर भी हमला हुआ और एक पुलिसकर्मी को धक्का देने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कांवरियों की भीड़ ‘पाकिस्तान मुर्दाबाद’ जैसे नारे लगाते हुए एक विशेष समुदाय के घरों पर पत्थरबाजी करती नजर आई।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनंदन स्वयं मौके पर पहुंचे और हाथ जोड़कर कांवरियों को शांत करने का प्रयास किया। वरिष्ठ अधिकारियों ने कांवरियों से बातचीत कर माहौल को शांत करने की कोशिश की और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

बताया जा रहा है कि कांवरियों की मांग थी कि अभद्र टिप्पणी करने वाले युवक को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। पुलिस ने उक्त युवक को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकालकर हिरासत में ले लिया है। वहीं, प्रशासन ने अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।

भदेश्वर नाथ मंदिर पर जलाभिषेक करने जा रहे श्रद्धालु अचानक बेकाबू हो गए और स्थिति इतनी बिगड़ी कि बस्ती पुलिस की पूर्व तैयारी पूरी तरह नाकाफी साबित हुई। कई दिनों से चल रही सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां एक क्षण में धराशायी होती दिखीं।

फिलहाल कप्तानगंज चौराहे पर भारी पुलिस बल तैनात है और जिलेभर के अधिकारी मौके पर कैंप किए हुए हैं। तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए आसपास के इलाकों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *