➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖


पति बना मोहब्बत की राह का कांटा, प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने उतारा मौत के घाट — शव को घर में ही दफनाया, देवर से लगवाई टाइल्स
नालासोपारा (महाराष्ट्र), 22 जुलाई 2025:
महाराष्ट्र के नालासोपारा इलाके से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है। यहां साई वेल्फेयर सोसायटी, गंगड़ीपाड़ा में रहने वाली एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की बेरहमी से हत्या कर दी और उसके शव को घर में ही ज़मीन में दफना दिया। हैरानी की बात यह है कि हत्या के बाद महिला ने अपने देवर से उस जगह पर टाइल्स भी लगवा दी, ताकि किसी को शक न हो।
मृतक की पहचान विजय चौहान के रूप में हुई है। जबकि हत्या की आरोपी महिला का नाम गुड़िया चमन चौहान और उसके प्रेमी का नाम मोनू विश्वकर्मा बताया जा रहा है। इस दंपती का एक 8 वर्षीय बेटा भी है, जो अब अनाथ हो चुका है।
सूत्रों के अनुसार, गुड़िया का मोनू से प्रेम संबंध चल रहा था और उसका पति विजय इस रिश्ते में रुकावट बन रहा था। इसलिए दोनों ने मिलकर पहले हत्या की साजिश रची और फिर खौफनाक तरीके से विजय की जान ले ली। हत्या के बाद शव को घर में ही गड्ढा खोदकर दफना दिया गया और उस पर टाइल्स लगवा दी गईं ताकि किसी को शक न हो।
वारदात को अंजाम देने के बाद गुड़िया ने अपने देवर से ही टाइल्स लगवाईं, लेकिन उसे सच्चाई का आभास नहीं होने दिया। इधर, जब विजय कई दिनों तक गायब रहा तो परिवार वालों ने पूछताछ शुरू की, लेकिन गुड़िया ने उन्हें लगातार गुमराह किया।
करीब पंद्रह दिन बाद जब विजय की कोई खबर नहीं मिली, तो परिजनों ने घर का दरवाज़ा तोड़ा। भीतर से उठ रही तेज़ बदबू के चलते जब ज़मीन की खुदाई की गई तो विजय का सड़ा-गला शव वहां से बरामद हुआ। इसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
बताया जा रहा है कि दो दिन पहले पुलिस को गुड़िया के मोबाइल में कुछ संदिग्ध मैसेज मिले, जिसके बाद जांच शुरू हुई और सारा मामला उजागर हो गया। फिलहाल गुड़िया और उसका प्रेमी मोनू फरार हैं। पुलिस ने दोनों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी हैं और दावा किया जा रहा है कि उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह घटना एक बार फिर समाज को झकझोरने वाली है, जहां रिश्तों की गरिमा को दरकिनार कर हवस और बेवफाई ने एक मासूम ज़िंदगी को मौत की नींद सुला दिया।
NGV PRAKASH NEWS
