➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖


देवरिया में तंत्र-मंत्र के लिए नौ वर्षीय मासूम की बलि, चार गिरफ्तार
देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में तंत्र-मंत्र के चक्कर में नौ वर्षीय मासूम आरुष की हत्या कर देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने शनिवार को इस वारदात का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिनमें मृतक बच्चे के दो सगे फूफा भी शामिल हैं।
घटना भलुअनी थाना क्षेत्र के पटखौली गांव की है। पुलिस के अनुसार, सुरौली थाना क्षेत्र के पैकौली निवासी इंद्रजीत गोंड, जो गोंडा जिले में सिपाही के पद पर तैनात है, ने अपने मामा जयप्रकाश गोंड और साढ़ू रमाशंकर उर्फ शंकर (निवासी सिधुआपार, बड़हलगंज, गोरखपुर) के साथ मिलकर 16 अप्रैल को बच्चे का अपहरण किया और 19 अप्रैल को उसकी हत्या कर दी।
भलुअनी के सोमनाथ गोंड ने बताया कि उनका भतीजा आरुष 17 अप्रैल से लापता था। पुलिस ने जब जांच शुरू की और 1 अगस्त को इंद्रजीत के मामा जयप्रकाश को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो पूरा मामला सामने आया। एसपी विक्रांत वीर ने बताया कि जयप्रकाश ने खुलासा किया कि दिसंबर 2024 में इंद्रजीत की शादी आरुष की बुआ से हुई थी। शादी के बाद ससुराल पक्ष ने उस पर देवी का साया बताकर झाड़-फूंक शुरू कर दी। जयप्रकाश ने देवी को शांत करने के लिए नरबलि की सलाह दी।
इंद्रजीत ने रमाशंकर को 50 हजार रुपये देकर बच्चे की व्यवस्था करने के लिए कहा। रमाशंकर ने अपने ही साले योगेश के बेटे आरुष को बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया। एक दिन अपने घर में रखने के बाद उसने बच्चे को इंद्रजीत के हवाले कर दिया। 19 अप्रैल को तीनों ने मिलकर कोतवाली क्षेत्र के पिपरा चंद्रभान गांव के एक बागीचे में चाकू से गला रेतकर आरुष की हत्या कर दी और शव दफना दिया।
अगले दिन 20 अप्रैल को शव निकालकर बोरे में भरकर पिकअप से बरहज के गौराघाट ले जाकर नदी में फेंक दिया गया। पुलिस ने इंद्रजीत की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू, फावड़ा, पिकअप और दो बाइक बरामद कर लीं। चारों आरोपियों को शनिवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
NGV PRAKASH NEWS
