गोंडा में सड़क पर गिरी युवक की लाश, एंबुलेंस भागी; वीडियो देख दहल उठे लोग..


गोंडा में दिल दहला देने वाला मामला, सड़क पर गिरी युवक की लाश, वीडियो वायरल

गोंडा,
05 अगस्त 2025

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में मंगलवार को एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। 24 वर्षीय हृदय लाल की मौत के बाद उनके शव के साथ ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसे देख लोग स्तब्ध रह गए।

मामला देहात कोतवाली क्षेत्र के बालपुर जाट गांव का है। पुलिस के मुताबिक, 1 अगस्त को पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में हृदय लाल की बेरहमी से पिटाई की गई थी। गंभीर हालत में उन्हें लखनऊ भेजा गया, जहां इलाज के दौरान मंगलवार को उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। गुस्साए परिजन और ग्रामीण लखनऊ-गोंडा मार्ग पर पहुंच गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया।

इसी बीच, लखनऊ से शव लेकर आ रही एंबुलेंस वहां से गुजरी। अचानक, एंबुलेंस के पीछे लटक रहे एक व्यक्ति ने हृदय लाल के शव को स्ट्रेचर समेत सड़क पर गिरा दिया। एंबुलेंस बिना रुके आगे निकल गई। यह दृश्य वहां मौजूद लोगों के कैमरों में कैद हो गया और कुछ ही घंटों में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। सड़क पर शव गिरते ही परिजनों की चीखें गूंज उठीं, महिलाएं शव से लिपटकर फूट-फूट कर रोने लगीं।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बमुश्किल स्थिति को संभाला। बाद में शव को एक छोटे ट्रक में रखवाकर अंतिम संस्कार के लिए भेजा गया। सीओ सिटी आनंद राय ने बताया कि घटना से जुड़े चार नामजद आरोपी हिरासत में हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि एंबुलेंस में मौजूद परिजनों ने कुछ लोगों के उकसावे में आकर सड़क जाम करने के लिए शव को नीचे उतारा।

पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और पूरी घटना की गहन जांच की जा रही है। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

NGV PRAKASH NEWS


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *