

गाजियाबाद में रक्षाबंधन पर जाम का कहर, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर कई किलोमीटर लंबी कतारें
गाजियाबाद में रक्षाबंधन के त्योहार पर सड़कों पर जबरदस्त भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही लोग बाजारों और रिश्तेदारों के घरों की ओर निकले, जिससे पूरे शहर में ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया। सबसे ज्यादा खराब स्थिति दिल्ली से मेरठ की ओर जाने वाले दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर रही, जहां कई किलोमीटर लंबी गाड़ियों की कतार लग गई। लोग घंटों अपनी गाड़ियों में फंसे रहे, जबकि बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं गर्मी से परेशान नजर आए। यहां तक कि जरूरी सेवाओं और एंबुलेंस तक को जाम में फंसना पड़ा।
भीतर शहर में भी जाम और पार्किंग संकट
घंटाघर, नेहरू नगर, राजनगर, मोहननगर, लोनी, विजयनगर और शालीमार गार्डन जैसे बाजारों में राखी, मिठाई, कपड़े और गिफ्ट खरीदने पहुंचे लोगों की भीड़ उमड़ी। पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण कई लोगों ने अपनी गाड़ियां सड़कों पर ही खड़ी कर दीं, जिससे जाम और बढ़ गया।
प्रशासन के इंतजाम नाकाफी
जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने जगह-जगह पुलिसकर्मी तैनात किए, लेकिन त्योहार की भारी भीड़ के आगे सारे इंतजाम नाकाफी साबित हुए। जानकारों का कहना है कि प्रशासन को पहले से वैकल्पिक मार्ग और पार्किंग की व्यवस्था करनी चाहिए थी, क्योंकि हर साल रक्षाबंधन पर इसी तरह की स्थिति बनती है।
NGV PRAKASH NEWS
