➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖


वाराणसी के आत्मविश्वेश्वर महादेव मंदिर में आग, मुख्य पुजारी सहित 7 लोग झुलसे
वाराणसी, 10 अगस्त 2025। धर्मनगरी वाराणसी के चौक थाना क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक आत्मविश्वेश्वर महादेव मंदिर में शनिवार को हुई आगजनी ने श्रद्धालुओं और पुजारियों में हड़कंप मचा दिया। यह हादसा ब्रह्मनाल चौकी के अंतर्गत मंदिर के गर्भगृह में हरियाली श्रृंगार और आरती के दौरान हुआ।
जानकारी के अनुसार, आरती के समय दीपक सजावट में लगी रुई के संपर्क में आ गया, जिससे आग तेजी से फैल गई। देखते ही देखते पूरा गर्भगृह धुएं और लपटों से भर गया, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इस हादसे में मंदिर के मुख्य पुजारी समेत गर्भगृह में मौजूद सात लोग झुलस गए। घायलों को तुरंत मंडलीय अस्पताल कबीर चौरा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। इनमें से एक व्यक्ति 65% तक झुलस गया है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
आग की लपटें और धुएं का गुबार उठते देख लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। हालांकि, घटना के बाद मंदिर परिसर में दहशत का माहौल है। पुलिस ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
NGV PRAKASH NEWS
