

बांदा में दर्दनाक घटना: पति से विवाद के बाद महिला तीन बच्चों संग नहर में कूदी, चारों की मौत
बांदा, 10 अगस्त 2025। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां पति से कहासुनी के बाद एक महिला ने अपने तीन बच्चों को चादर से बांधकर केन नहर में छलांग लगा दी। डूबने से चारों की मौत हो गई। घटना ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के रिसौरा गांव निवासी रीना (30) पत्नी अखिलेश आरख का शुक्रवार रात पति से विवाद हुआ था। पति नशे में घर लौटा, जिस पर रीना ने रक्षाबंधन का हवाला देते हुए नशेबाजी का विरोध किया। कहासुनी बढ़ने पर वह आहत हो गई और शनिवार सुबह अपने तीन बच्चों — हिमांशु (9), अंशी (5) और प्रिंस (3) — को चादर से कमर में बांधकर नहर में कूद गई।
सुबह गांव के लोगों ने नहर पटरी पर रीना का कंगन और चप्पल देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस व सात गोताखोरों की टीम ने लगभग 10 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर करीब एक बजे घटनास्थल से 50 मीटर दूर सभी के शव बरामद किए। शवों को लाल बेडशीट में बंधा देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
ग्रामीणों का कहना है कि रक्षाबंधन जैसे पावन पर्व पर पूरा परिवार खत्म हो गया, जो हमेशा एक दर्दनाक याद के रूप में रहेगा। पति अखिलेश बदहवास हालत में है और कुछ बोलने की स्थिति में नहीं है।
एएसपी शिवराज ने बताया कि पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में नशे में घर लौटने को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
NGV PRAKASH NEWS
फोटो सोर्स -अमर उजाला
