ग्राम प्रधान की कोठी पर चला बुलडोजर, स्कूल की जमीन को कराया कब्जा मुक्त

NGV PRAKASH NEWS

सहारनपुर में ग्राम प्रधान की कोठी पर चला बुलडोजर, स्कूल की जमीन को कराया कब्जा मुक्त

सहारनपुर।
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद के नानौता क्षेत्र में शनिवार को प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए ग्राम प्रधान नीरज राणा के मकान पर बुलडोजर चलवा दिया। बताया गया कि यह मकान प्राथमिक विद्यालय की आरक्षित भूमि पर बना था। हाईकोर्ट के स्पष्ट आदेश के बाद प्रशासन ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कोठी को जमींदोज कर दिया।

ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों पहले ग्राम प्रधान ने स्कूल की जमीन पर कब्जा कर मकान खड़ा कर लिया था। इसको लेकर लगातार शिकायतें होती रहीं और अंततः मामला अदालत तक पहुंच गया। हाईकोर्ट ने सुनवाई के बाद आदेश दिया कि अवैध निर्माण को तुरंत गिराया जाए। आदेश के बाद प्रशासन ने कार्रवाई की तैयारी शुरू की और शनिवार को कोठी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।

कार्रवाई के दौरान एसडीएम डॉ. पूर्वा और सीओ शशि प्रकाश अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे। सुरक्षा की दृष्टि से इलाके में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। जैसे ही बुलडोजर की कार्रवाई शुरू हुई, पूरे गांव में हलचल मच गई। प्रधान पक्ष ने विरोध जताने की कोशिश की, लेकिन प्रशासन की सख्ती के आगे उन्हें पीछे हटना पड़ा।

एसडीएम डॉ. पूर्वा ने बताया कि यह निर्माण हजारों वर्ग मीटर आरक्षित भूमि पर किया गया था। कोर्ट के आदेश पर ही इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। ग्रामीणों ने भी राहत की सांस ली और कहा कि बच्चों के भविष्य से जुड़ी जमीन का कब्जा मुक्त होना बेहद जरूरी था।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *