चमत्कार:स्पीड ब्रेकर का झटका और मृत महिला हो गई जिंदा

NGV PRAKASH NEWS

चमत्कार: मृत घोषित महिला को स्पीड ब्रेकर ने दिया नया जीवन

उज्जैन, मध्य प्रदेश।
खाचरोद क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया। 75 वर्षीय अयोध्या बाई, जिन्हें डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था और जिनके अंतिम संस्कार की तैयारी हो चुकी थी, अचानक जीवित हो उठीं।

जानकारी के अनुसार, अयोध्या बाई की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें इंदौर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने जांच के दौरान बताया कि उनके सिर की नस फट गई है और उन्हें ब्रेन हेमरेज की गंभीर समस्या है। ऑपरेशन के बाद भी जब उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ तो डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इसके बाद परिजन उनका शव लेकर खाचरोद लौट रहे थे। रास्ते में अचानक गाड़ी एक स्पीड ब्रेकर से उछली। इसी दौरान अयोध्या बाई को अचानक खांसी आई और उनकी धड़कनें चलने लगीं। यह देख परिजनों के साथ ही वाहन में मौजूद सभी लोग हैरान रह गए।

गांव में पहले से ही उनके निधन की खबर पहुंच चुकी थी और समाजजन अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। लेकिन जब खबर आई कि अयोध्या बाई जीवित हैं, तो पहले किसी को विश्वास नहीं हुआ। बाद में जब लोगों ने उन्हें खुद अपनी आंखों से जिंदा देखा तो इसे भगवान का चमत्कार मानकर सभी भावुक हो उठे।

अयोध्या बाई के जीवित लौट आने की खबर अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *