NGV PRAKASH NEWS





📰 ब्याजखोर की हैवानियत: भांजी से निकाह की रखी शर्त, मना करने पर परिवार पर हमला
किठौर/मेरठ, 30 अगस्त 2025
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के किठौर क्षेत्र में एक सूदखोर की दबंगई और दरिंदगी ने पूरे इलाके को हैरान कर दिया। रिश्ते में मौसेरा भाई लगने वाले आरोपी ने ब्याज की रकम वसूलने के बहाने अपनी ही भांजी से निकाह की शर्त रख दी। पीड़िता की मां ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने घर में घुसकर परिवार पर हमला बोल दिया।
मामला किठौर क्षेत्र के एक गांव का है। पीड़िता की मां ने बताया कि कुछ माह पहले उन्होंने आर्थिक तंगी के कारण आरोपी से 80 हजार रुपये उधार लिए थे। मूलधन लौटा देने के बावजूद सूदखोर ने मनमाने तरीके से दो लाख रुपये ब्याज का दावा किया। महिला का आरोप है कि आरोपी ने धमकी दी— “अगर ब्याज नहीं चुका सकते तो बेटी का निकाह मुझसे कर दो।”
आरोपी शादीशुदा और उम्रदराज है, जबकि पीड़िता एमए की छात्रा है। रिश्ते में आरोपी उसका मौसेरा भाई और सूदखोर है। जब परिवार ने इस अनैतिक मांग को ठुकरा दिया तो आरोपी युवकों के साथ घर पर पहुंचा और मारपीट कर दी। उसने धमकी दी कि अगर निकाह नहीं हुआ तो पूरा परिवार गंभीर अंजाम भुगतेगा।
पीड़ित परिवार का कहना है कि थाना पुलिस में शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद वे शनिवार को मऊखास स्थित सीओ किठौर कार्यालय पहुंचे और इंसाफ की गुहार लगाई।
सीओ किठौर प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने पर थाना पुलिस को जांच कर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
✍️ NGV PRAKASH NEWS
